सीवान के दरौंदा CHC में प्रसव के नाम पर 5 हजार रुपये मांगने का आरोप, कथित ऑडियो वायरल; जांच के आदेश

Updated:
विज्ञापन

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की फोटो

दरौंदा सीएचसी में प्रसव के नाम पर कथित तौर पर पैसों की मांग से जुड़ा ऑडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है. परिजनों का आरोप है कि महिला के गंभीर होने की बात कहकर रेफर करने और फिर पैसे लेने का दबाव बनाया गया. मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

विज्ञापन

Daraundha CHC: दरौंदा प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दरौंदा में प्रसव कराने के नाम पर रुपये की कथित मांग से जुड़ा ऑडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गयी है. वायरल ऑडियो में प्रसव के लिए पहुंची महिला के परिजनों से कथित तौर पर रुपये मांगने और अलग-अलग बातें कहकर भुगतान के लिए दबाव बनाने की बात सामने आ रही है. मामला सामने आने के बाद सीएचसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

हालांकि, वायरल ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है. स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच कराने की बात कही है.

प्रसव पीड़ा के बाद सीएचसी पहुंची थी महिला

जानकारी के अनुसार, जलालपुर निवासी ज्योति देवी 21 अगस्त को प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी दरौंदा पहुंची थीं. उनके साथ उनकी दादी, मां और बहन भी अस्पताल गयी थीं.

ज्योति देवी के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद उन्हें बताया गया कि महिला के शरीर में ब्लड की कमी है और अन्य परेशानियां भी हैं, जिसके कारण उसे रेफर करना पड़ेगा. परिजनों ने सीएचसी में ही प्रसव कराने का आग्रह किया. इसी दौरान कथित तौर पर पांच हजार रुपये की मांग की गयी.

परिजनों का कहना है कि आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के बावजूद उन्होंने किसी तरह 2500 रुपये की व्यवस्था कर भुगतान किया.

दवा के नाम पर भी 200 रुपये मांगने का आरोप

महिला की दादी कांति देवी ने बताया कि जलालपुर पंचायत के वार्ड संख्या नौ की आशा सुगंती देवी उन्हें सीएचसी लेकर गयी थीं. अस्पताल पहुंचने के बाद वहां कार्यरत एएनएम एवं अन्य महिलाओं द्वारा कथित तौर पर रुपये के लिए दबाव बनाया गया.

कांति देवी के अनुसार, पांच हजार रुपये की मांग की गयी थी. पर्याप्त पैसे नहीं होने के कारण छह महिलाओं ने मिलकर किसी तरह 2500 रुपये दिये. इसके बाद कथित तौर पर दवा के लिए भी 200 रुपये मांगे गये. पैसे नहीं होने के कारण उन्होंने रुपये देने से इनकार कर दिया.

आशा ने भी लेनदेन की बात बतायी

मामले में वार्ड संख्या नौ की आशा सुगंती देवी ने बताया कि उस समय सीएचसी में एएनएम अनीता कुमारी, सविता कुमारी और प्रियंका कुमारी कार्यरत थीं. उन्होंने बताया कि उन्हें पर्ची कटवाने के लिए भेज दिया गया था.

आशा के अनुसार, इसी दौरान रुपये के लेनदेन की बात हुई. उनके वापस आने पर दवा के लिए 200 रुपये मांगे जाने की बात सामने आयी, जिसे उन्होंने मना कर दिया.

ऑडियो की जांच के बाद जिला को भेजी जाएगी रिपोर्ट

वायरल ऑडियो के संबंध में स्वास्थ्य प्रबंधक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें भी ऑडियो प्राप्त हुआ है. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के आने के बाद पूरे मामले की जांच करायी जाएगी. जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट जिला स्तर पर भेजी जाएगी.

प्रसव जैसी संवेदनशील स्वास्थ्य सेवा के दौरान कथित रूप से रुपये की मांग किये जाने का मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है. लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

इसे भी पढ़ें: BPSC TRE-4 के फॉर्म पर ब्रेक, छात्रों के आंदोलन के बाद फिर गरमायी सियासत, जानिए अब क्या होगा

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन