भगवान बलभद्र पूजा समारोह में दिखी समाज की एकजुटता, मेहंदी-चित्रकला प्रतियोगिता ने मोहा मन

Updated:
विज्ञापन

कार्यक्रम का दीप जलाकर उद्घाटन करते पूर्व उप मुख्यमंत्री और अतिथि

शहर के तरवारा रोड स्थित होटल में कलवार सेवा समिति ने भगवान बलभद्र पूजा समारोह का धूमधाम से आयोजन किया. इस अवसर पर समाज की एकजुटता दिखी और नई पीढ़ी ने अपनी संस्कृति से जुड़ने का संकल्प लिया.

विज्ञापन

Kalwar Seva Samiti: शहर के तरवारा रोड स्थित एक होटल में रविवार को कलवार सेवा समिति की ओर से भगवान बलभद्र पूजा समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया. समारोह में समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ भगवान बलभद्र की विधिवत पूजा-अर्चना की और परिवार, समाज व राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की. पूजा समारोह में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए.

आपके शहर में

विज्ञापन

पूजा के बाद मेहंदी और चित्रकला प्रतियोगिता

पूजा-अर्चना के बाद मेहंदी और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गयी. इसमें समाज की बच्चियों और युवतियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया. बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को समिति की ओर से सम्मानित किया गया.

वहीं समाज की बेटियों ने गीत, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और सामाजिक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली.

नयी पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने पर जोर

कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष रोशन कुमार ने की. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ नयी पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं. युवाओं और बेटियों की बढ़-चढ़कर भागीदारी इस बात का संकेत है कि नयी पीढ़ी अपनी परंपराओं को आगे बढ़ाने के प्रति जागरूक है.

कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, सांसद डॉ. संजय जायसवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, भाजपा नेत्री रितु जायसवाल, विधायक हेम नारायण साह और विधान परिषद सदस्य विनोद जायसवाल शामिल हुए. समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया.

शिक्षा, संस्कार और एकजुटता जरूरी

मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि भगवान बलभद्र की पूजा समाज की आस्था और परंपरा से जुड़ी हुई है. ऐसे आयोजनों से आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता मजबूत होती है. समाज के विकास के लिए शिक्षा, संस्कार और एकजुटता जरूरी है.

पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि समाज की समृद्धि के लिए सभी लोगों को मिलकर काम करना चाहिए. युवाओं को समाज के विकास में आगे बढ़कर अपनी भूमिका निभानी चाहिए.

सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि भगवान बलभद्र की पूजा धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी है. ऐसे आयोजनों में बच्चों और युवाओं की भागीदारी से नयी पीढ़ी को अपनी परंपराओं की जानकारी मिलती है और उनमें समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित होता है.

प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित

समारोह में मेहंदी और चित्रकला प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों का अतिथियों ने उत्साहवर्धन किया. बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को समिति की ओर से सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के अंत में समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों, सदस्यों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया.

मौके पर भाजपा पूर्वी के जिला अध्यक्ष रंजीत प्रसाद, जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष नंद प्रसाद चौहान, संजय जायसवाल, देवेंद्र गुप्ता, प्रमोद कुमार, विजय कुमार, रूपल आनंद, समिति के सचिव सुनील प्रसाद, विकास साहू, विजय प्रसाद, संजय जायसवाल, संजय गुप्ता, सुरेंद्र प्रसाद, लक्की कलवार, बादल ब्याहुत, सन्नी जायसवाल, यश ब्याहुत, रजनीकांत, रामू सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद थे.

Also Read : सारण के गांव से डेथ वैली तक शैलेश की ऐतिहासिक उड़ान, किसान के बेटे ने 29 घंटे में 217 किमी दौड़कर बनाया रिकॉर्ड


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन