सीवान के 13 सीएचसी व महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल में ब्लड बैंक सुविधा, डॉक्टरों और लैब कर्मियों को मिलेगा प्रशिक्षण

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

Mukhyamantri Saat Nishchay Yojana: मुख्यमंत्री सात निश्चय-2.0 के तहत सीवान जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की पहल की गई है. अब जिले के 13 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल में रक्त संग्रहण केंद्र खोले जाएंगे, जिससे जरूरतमंद मरीजों को स्थानीय स्तर पर रक्त मिल सकेगा.

विज्ञापन

Mukhyamantri Saat Nishchay Yojana: मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना-2.0 के तहत सीवान जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है. जिले के 13 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) के साथ महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भी रक्त संग्रहण केंद्र खोला जाएगा. इससे ग्रामीण और अनुमंडल क्षेत्र के मरीजों को जरूरत के समय स्थानीय स्तर पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.

आपके शहर में

विज्ञापन

राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार के कार्यपालक निदेशक अमित कुमार पांडेय, भा.प्र.से. की ओर से जारी निर्देश के अनुसार मुख्यमंत्री सात निश्चय-2.0 के तहत राज्य के सभी सीएचसी एवं एसडीएच में कुल 383 रक्त संग्रहण इकाइयां स्थापित की जानी हैं. इनमें 276 स्वास्थ्य संस्थानों में नई रक्त संग्रहण इकाइयां स्थापित की जानी हैं. इसी क्रम में सीवान जिले के 13 सीएचसी और महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल को शामिल किया गया है.

सीवान के 13 सीएचसी में स्थापित होगी रक्त संग्रहण इकाई

सीवान जिले के हुसैनगंज, मैरवा, रघुनाथपुर, नौतन, आंदर, भगवानपुर हाट, दारौंदा, गुठनी, गोरेयाकोठी, हसनपुरा, लकड़ीबीगंज, पचरुखी एवं जीरादेई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में नई रक्त संग्रहण इकाई स्थापित की जाएगी. इसके अलावा महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भी रक्त संग्रहण केंद्र खोला जाएगा.

आपात स्थिति में मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

ग्रामीण क्षेत्रों में गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं, दुर्घटना में घायल लोगों, एनीमिया से पीड़ित मरीजों और ऑपरेशन कराने वाले मरीजों के लिए समय पर रक्त उपलब्ध होना बेहद जरूरी है. वर्तमान में कई मरीजों के परिजनों को रक्त की व्यवस्था के लिए सीवान शहर तक जाना पड़ता है.

स्थानीय स्तर पर रक्त संग्रहण केंद्र शुरू होने से ऐसी परिस्थितियों में समय की बचत होगी और मरीजों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी. इससे आपातकालीन स्थिति में रक्त की उपलब्धता को लेकर मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी कम होने की उम्मीद है.

महाराजगंज अनुमंडल के मरीजों को भी होगा फायदा

महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल में रक्त संग्रहण केंद्र शुरू होने से महाराजगंज अनुमंडल के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा. स्थानीय स्तर पर रक्त संग्रह की सुविधा उपलब्ध होने से रक्त की जरूरत वाले मरीजों के लिए सीवान सदर अस्पताल पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है.

चिकित्सा पदाधिकारी और लैब कर्मियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण

रक्त संग्रहण इकाइयों के संचालन के लिए प्रत्येक चयनित स्वास्थ्य संस्थान से एक चिकित्सा पदाधिकारी एवं एक प्रयोगशाला प्रावैधिकी को नामित किया जाएगा. सबसे पहले इन्हें ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा. इसके बाद संबंधित जिला रक्त केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की ओर से नामित चिकित्सा पदाधिकारी एवं प्रयोगशाला प्रावैधिकी को तीन दिवसीय भौतिक प्रशिक्षण दिया जाएगा.

ऑनलाइन प्रशिक्षण में जिला रक्त केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के साथ संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों के प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक एवं स्वास्थ्य प्रबंधक भी शामिल होंगे. प्रशिक्षण के लिए लिंक राज्य स्वास्थ्य समिति की ओर से उपलब्ध कराया जाएगा.

नामित कर्मियों की पूरी विवरणी मांगी गई

राज्य स्वास्थ्य समिति ने संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों से नामित चिकित्सा पदाधिकारी, प्रयोगशाला प्रावैधिकी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक एवं स्वास्थ्य प्रबंधक की पूरी विवरणी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. विवरणी में नाम, पदनाम, मोबाइल नंबर और ई-मेल की जानकारी शामिल करनी होगी.

साथ ही सभी संबंधित कर्मियों को निर्धारित समय पर प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए निर्देशित करने को कहा गया है, ताकि रक्त संग्रहण इकाइयों के संचालन की प्रक्रिया को सुचारू रूप से शुरू किया जा सके.

स्वास्थ्य व्यवस्था को मिलेगी मजबूती

मुख्यमंत्री सात निश्चय-2.0 के तहत सीवान में 14 नए रक्त संग्रहण केंद्रों की पहल जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है. खासकर ग्रामीण और अनुमंडल स्तर पर रक्त की उपलब्धता बढ़ने से आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी. स्थानीय स्तर पर रक्त संग्रहण की सुविधा शुरू होने से जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

इसे भी पढ़ें: पटना: रौशन आनंद प्रदर्शनों के बीच गर्दनीबाग पहुंचे, कहा-मेरे पास आयोग का काला चिठ्ठा, BPSC-BSSC घेरेंगे


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन