सीवान के जीबी नगर में 10 दिनों में दो गोलीकांड, हकमा में दो युवक घायल, पुलिस जांच में जुटी

Updated:
विज्ञापन

गोलीबारी में घायल मनीष व सुमित(फाईल फ़ोटो)

GB Nagar Shootout: जीबी नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है. पिछले दस दिनों में हुई दो गोलीबारी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों में दहशत पैदा कर दी है. पुलिस दोनों मामलों के खुलासे और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जुटी है.

विज्ञापन

GB Nagar Shootout: जीबी नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते हौसले ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है. बीते दस दिनों में थाना क्षेत्र के आसपास दो अलग-अलग स्थानों पर हुई गोलीबारी की घटनाओं ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. 12 अगस्त को अपराधियों ने गंडक नहर के समीप फाइनेंसकर्मी नीतीश कुमार सिंह उर्फ पिकलु सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी. पुलिस अभी इस हत्याकांड का पूरी तरह उद्भेदन भी नहीं कर सकी थी कि शुक्रवार को हकमा गांव के समीप अपराधियों ने दो युवकों को गोली मारकर घायल कर दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

नीतीश हत्याकांड के बाद एसआईटी का किया गया था गठन

नीतीश हत्याकांड के बाद पुलिस ने मामले के उद्भेदन के लिए एसआईटी का गठन किया था. टीम ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की. साथ ही घटना में शामिल अपराधियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी जांच का सहारा लिया जा रहा है. पुलिस ने संदिग्धों के मोबाइल नंबरों का सीडीआर भी खंगाला है. इसके बावजूद घटना में शामिल सभी अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.

हकमा गांव के समीप दो युवकों पर दिनदहाड़े फायरिंग

इसी बीच शुक्रवार को हकमा गांव के समीप अपराधियों ने दिनदहाड़े दिनापट्टी गांव निवासी मनीष कुमार और सुमित कुमार सिंह पर फायरिंग कर दी. इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गयी. दोनों युवकों के गोली लगने से घायल होने के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गयी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

दिनदहाड़े फायरिंग से सहमे लोग

जीबी नगर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है. अपराधी दिनदहाड़े हथियार लेकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं. बीते दस दिनों में हुई दो गोलीबारी की घटनाओं ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों के मन से पुलिस का भय खत्म होता जा रहा है. गोलीकांड के बाद पुलिस जांच और छापेमारी में जुटती है, लेकिन अपराधी कुछ ही दिनों बाद दूसरी घटना को अंजाम दे देते हैं. इससे क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

हकमा में हुई गोलीबारी के बाद पुलिस अपराधियों की पहचान में जुट गयी है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों घटनाओं के बीच किसी प्रकार का कनेक्शन है या नहीं. घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.

लगातार दो घटनाओं से जीबी नगर थाना क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है. खासकर गंडक नहर के आसपास अपराधियों द्वारा लगातार वारदात को अंजाम देने से पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं. अब पुलिस के सामने नीतीश हत्याकांड का खुलासा करने के साथ हकमा गोलीकांड में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की चुनौती है.

बोले जिम्मेवार

मनोज कुमार सिंह, थानाध्यक्ष, जीबी नगर तरवारा ने कहा कि दोनों घटनाओं में अनुसंधान चल रहा है. जल्द ही घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

इसे भी पढ़ें: पटना: रौशन आनंद प्रदर्शनों के बीच गर्दनीबाग पहुंचे, कहा-मेरे पास आयोग का काला चिठ्ठा, BPSC-BSSC घेरेंगे


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन