सीवान: मोनिया बाबा मेले में सांसद के स्कॉर्ट वाहन पर हमला, तीन गिरफ्तार, 150 अज्ञात पर केस
AI से बनाई गई तस्वीर
मोनिया बाबा मेले में सांसद के स्कॉर्ट वाहन पर तोड़फोड़ और डीजे पर अश्लील गाने बजाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. 100 से 150 अज्ञात डीजे संचालकों के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई है. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी.
Siwan News : महाराजगंज थाना क्षेत्र के मोनिया बाबा मेले में महाराजगंज सांसद के स्कॉर्ट वाहन में तोड़फोड़ और डीजे पर तेज आवाज में अश्लील गाने बजाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. मामले में पुलिस ने 100 से 150 अज्ञात डीजे-आर्केस्ट्रा संचालकों और सदस्यों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है.
स्कॉर्ट वाहन के शीशे पर लाठी-डंडे से किया प्रहार
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को सूचना मिली कि राजेंद्र चौक से करीब 200 मीटर पूर्व दुर्गा मंदिर के पास आर्केस्ट्रा जुलूस में शामिल कुछ लोगों ने सांसद के स्कॉर्ट वाहन के शीशे पर लाठी-डंडे से प्रहार कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया. सूचना मिलने के बाद महाराजगंज पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच करते हुए तीन लोगों को पकड़ा.
तीन आरोपितों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पूछताछ के बाद गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आयुष कुमार साह, रितेश कुमार और सन्नी सिंह के रूप में की गयी. पुलिस का कहना है कि मेला परिसर में डीजे और आर्केस्ट्रा का संचालन भी किया जा रहा था. सरकारी आदेश की अवहेलना, निर्धारित शर्तों के उल्लंघन और तेज आवाज में अश्लील गाने बजाने के आरोप में तीनों को गिरफ्तार किया गया.
100 से 150 अज्ञात लोगों पर भी प्राथमिकी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के अलावा करीब 100 से 150 अज्ञात डीजे-आर्केस्ट्रा संचालकों और सदस्यों के खिलाफ भी सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है. अधिकारियों के अनुसार, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए