सिवान: स्कूल जाने के लिए निकला 9वीं का छात्र आयुष 4 दिनों से लापता; परिजनों में अनहोनी की आशंका, तलाश में जुटी महाराजगंज पुलिस
फोटो-रोते बिलखते परिजन | Prabhat Khabar Network
महाराजगंज के आकिल टोला गांव का 16 वर्षीय छात्र आयुष कुमार चार दिनों से लापता है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों ने लोगों से मदद की अपील की है.
Siwan News: जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत आकिल टोला गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 16 वर्षीय किशोर आयुष कुमार पिछले चार दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है. काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए महाराजगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लापता छात्र की सघन तलाश शुरू कर दी है.
आपके शहर में
29 अगस्त की सुबह घर से निकला था स्कूल
परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आकिल टोला निवासी अरुण प्रसाद का 16 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार महाराजगंज शहर स्थित सिहौता बंगरा हाई स्कूल में 9वीं कक्षा का छात्र है. वह 29 अगस्त की सुबह प्रतिदिन की तरह घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकला था. हालांकि, स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब वह देर शाम तक अपने घर वापस नहीं लौटा, तो परिवार के सदस्यों की चिंता बढ़ गई.
नाते-रिश्तेदारों में खोजबीन के बाद भी कोई पता नहीं
देर रात तक किशोर के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने अपने स्तर से संभावित स्थानों और सहपाठियों से पूछताछ शुरू की. आसपास के इलाकों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और तमाम परिचितों व नाते-रिश्तेदारों के यहां सघन खोजबीन की गई, लेकिन चार दिन बीत जाने के बावजूद आयुष का कोई सुराग नहीं मिल सका.
मां का रो-रोकर बुरा हाल, परिजनों ने जनता से की मदद की अपील
लाडले के अचानक गायब हो जाने से घर में कोहराम मचा हुआ है और मां सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. पीड़ित परिजनों ने स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ आम जनता से भी भावुक अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को आयुष के संबंध में कोई सुराग या जानकारी मिले, तो वे अविलंब स्थानीय पुलिस या परिजनों को सूचित करें. इधर, महाराजगंज थाना पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और किशोर की सकुशल बरामदगी के लिए जांच तेज कर दी है.
Also Read: सीवान में एक किशोर गहरे पानी में डूबा, तीन साथी छोड़कर भागे, अब पुलिस तलाश रही राज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए