सीवान के हुसैनगंज में महावीरी जुलूस शांतिपूर्ण, आज हरिहांस के झंडा मेले में उमड़ेगी भीड़; सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मंगलवार रात हरिहांस में चप्पे-चप्पे पर रही प्रशासन कि मुस्तैदी.
हुसैनगंज प्रखंड के पश्चिमी हरिहांस में महावीरी जुलूस शांतिपूर्ण संपन्न हुआ. आज लगने वाले झंडा मेले को लेकर लोगों में उत्साह है. प्रशासन ने संवेदनशील स्थान होने के कारण सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं.
Mahaviri Procession: हुसैनगंज प्रखंड क्षेत्र के पश्चिमी हरिहांस में मंगलवार की रात प्रशासन की देखरेख में महावीरी जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से निकाला गया. जुलूस के बाद बुधवार को आयोजित होने वाले झंडा मेले को लेकर लोगों में खासा उत्साह है. मेले में आसपास के गांवों के साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है.
संवेदनशील स्थान होने के कारण प्रशासन अलर्ट
पश्चिमी हरिहांस को संवेदनशील स्थानों में शामिल किये जाने के कारण झंडा मेले को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है. मंगलवार की रात निकले महावीरी जुलूस के दौरान एसडीएम आशुतोष गुप्ता, बीडीओ राहुल कुमार, सीओ सरफराज अहमद और थाना प्रभारी मोहन प्रसाद समेत पुलिस बल मौजूद रहा. अधिकारियों ने जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी.
मेले में सजीं विभिन्न प्रकार की दुकानें
झंडा मेले में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के पहुंचने की उम्मीद है. मेले में खिलौने, मिठाई, चाट-पकौड़ी, घरेलू सामान समेत विभिन्न प्रकार की दुकानें सजायी गयी हैं. ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों के पहुंचने के कारण मेले के आसपास दिनभर चहल-पहल रहने की संभावना है.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की तैनाती
प्रशासन की ओर से मेले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गयी है. अधिकारियों ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से मेला देखने, अफवाहों से बचने और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है.
हर वर्ष आकर्षण का केंद्र रहता है झंडा मेला
स्थानीय लोगों के अनुसार पश्चिमी हरिहांस का झंडा मेला क्षेत्र में विशेष आकर्षण का केंद्र रहता है. प्रत्येक वर्ष यहां बड़ी संख्या में लोग मेला देखने पहुंचते हैं. इस बार भी मेले को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा जा रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए