ePaper

मास्टर प्लान तैयार करने पहुंची विशेषज्ञ टीम

Updated at : 17 Feb 2026 9:32 PM (IST)
विज्ञापन
मास्टर प्लान तैयार करने पहुंची विशेषज्ञ टीम

शहर के सुनियोजित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है.नगर परिषद सीवान क्षेत्र के लिए वर्ष 2047 तक का मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा.इस कार्य के लिए एक एजेंसी का विशेषज्ञों की एक टीम सीवान पहुंची है. जो शहर के मौजूदा हालात का सर्वे कर भविष्य की जरूरतों के अनुसार विकास की विस्तृत योजना तैयार करेगी.

विज्ञापन

प्रतिनिधि.सीवान. शहर के सुनियोजित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है.नगर परिषद सीवान क्षेत्र के लिए वर्ष 2047 तक का मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा.इस कार्य के लिए एक एजेंसी का विशेषज्ञों की एक टीम सीवान पहुंची है. जो शहर के मौजूदा हालात का सर्वे कर भविष्य की जरूरतों के अनुसार विकास की विस्तृत योजना तैयार करेगी. माना जा रहा है कि मास्टर प्लान तैयार होने और लागू होने के बाद शहर की सूरत बदल जाएगी तथा विकास कार्यों को एक स्पष्ट दिशा मिलेगी.नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि तेजी से बढ़ती आबादी, बेतरतीब निर्माण और बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए मास्टर प्लान की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी. अब इस दिशा में औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो गई है. टीम शहर के विभिन्न वार्डों का दौरा कर सड़क की चौड़ाई, जल निकासी व्यवस्था, सार्वजनिक स्थलों, बाजार क्षेत्रों और आवासीय इलाकों का बारीकी से अध्ययन कर रही है. मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय में विशेषज्ञ टीम ने प्रोजेक्टर के माध्यम से शहर का मानचित्र प्रस्तुत किया. इस दौरान प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा की गई और संबंधित विभागों से आवश्यक जानकारियां एकत्र की गईं. अधिकारियों से सुझाव लिए गए .मास्टर प्लान के तहत वर्ष 2047 तक शहर का समग्र विकास सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई जाएगी.इसमें यह तय होगा कि कौन सा क्षेत्र आवासीय रहेगा, कौन सा व्यावसायिक और किन स्थानों को हरित क्षेत्र, पार्क या सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित रखा जाएगा. अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर नियंत्रण के लिए भी स्पष्ट दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे.ट्रैफिक जाम की समस्या से निबटने के लिए नई सड़कों के निर्माण, पुराने मार्गों के चौड़ीकरण, बाईपास की संभावनाओं और व्यवस्थित पार्किंग जोन विकसित करने पर भी विशेष फोकस रहेगा. शहर के मुख्य बाजार क्षेत्रों और व्यस्त चौक-चौराहों की स्थिति का भी आकलन किया जा रहा है ताकि भविष्य में यातायात व्यवस्था सुचारू रह सके.बरसात के दिनों में शहर के कई इलाकों में पानी भर जाने से आम लोगों को काफी परेशानी होती है. मास्टर प्लान में आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम और वर्षा जल निकासी की वैज्ञानिक व्यवस्था को शामिल किया जाएगा. जिससे स्थायी समाधान निकाला जा सके.इसके अलावा पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, ठोस कचरा प्रबंधन, बस स्टैंड, पार्क, सामुदायिक भवन और सार्वजनिक शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को भी योजना का हिस्सा बनाया जाएगा. टीम शहर के मौजूदा संसाधनों और उपलब्ध भूमि का आकलन करेगी ताकि आने वाले वर्षों में बढ़ती आबादी के अनुरूप पर्याप्त सुविधाएं विकसित की जा सकें.कार्यपालक पदाधिकारी डॉ विपिन कुमार ने बताया कि मास्टर प्लान बनाने को लेकर कार्य शुरू हो गया है.इसके लिये टीम पहुंच गयी है.

विज्ञापन
DEEPAK MISHRA

लेखक के बारे में

By DEEPAK MISHRA

DEEPAK MISHRA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन