सीवान के दुधरा मठिया में नौ दिवसीय श्री रुद्र महायज्ञ का आज समापन, पूर्णाहुति को लेकर उत्साह
फोटो. पूजा अर्चना में शामिल श्रद्धालु
गोरेयाकोठी के दुधरा मठिया में नौ दिवसीय श्री रुद्र महायज्ञ अपने अंतिम पड़ाव पर है. मंगलवार को पूर्णाहुति के साथ महायज्ञ का विधिवत समापन होगा. सातवें दिन भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और रामलीला का भी मंचन हुआ.
Shri Rudra Mahayagya: गोरेयाकोठी प्रखंड के दुधरा मठिया स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर परिसर में चल रहा नौ दिवसीय श्री रुद्र महायज्ञ अब अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है. मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार और पूर्णाहुति के साथ महायज्ञ का विधिवत समापन होगा. समापन से एक दिन पहले सोमवार को सातवें दिन यज्ञ स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही और पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा.
आपके शहर में
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई भोलेनाथ की पूजा
सातवें दिन के धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत मंगलाचरण से हुई. इसके बाद आचार्यों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की गयी. श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ पूजा में हिस्सा लिया और सुख-शांति व समृद्धि की कामना की.
दिन में दो बार हुआ भंडारा
यज्ञ स्थल पर दिन के दोनों समय भंडारे का आयोजन किया गया. इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया. शाम होते ही यज्ञ परिसर दीपों से जगमगा उठा. आरती और दीप प्रज्वलन के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया.
रामलीला देखने उमड़े श्रद्धालु
आरती के बाद भंडारे का आयोजन किया गया. इसके बाद रात में रामलीला का भव्य मंचन हुआ. रामलीला देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. देर रात तक यज्ञ परिसर में लोगों की चहल-पहल बनी रही.
आचार्यों के निर्देशन में चल रहे अनुष्ठान
महायज्ञ के धार्मिक अनुष्ठान आचार्य विकास मिश्रा, पंडित प्रभात शास्त्री, पंडित रितेश पांडे, पंडित पवन शास्त्री और पंडित आकाश दुबे के निर्देशन में संपन्न हो रहे हैं.
यजमान के रूप में राजकिशोर शाह, सत्येंद्र सिंह, मैनेजर शर्मा, धर्मेंद्र यादव, हीरालाल शर्मा और जनार्दन यादव अपनी-अपनी पत्नी के साथ प्रतिदिन पूजा-अर्चना में शामिल हो रहे हैं.
पूर्णाहुति और प्रसाद वितरण के साथ होगा समापन
महायज्ञ के समापन दिवस को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है. मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूर्णाहुति दी जायेगी. इसके बाद प्रसाद वितरण के साथ नौ दिवसीय श्री रुद्र महायज्ञ का विधिवत समापन होगा.
इसे भी पढ़ें: उपेंद्र कुशवाहा का आया बयान, तेजस्वी भी समर्थन में; पटना के आंदोलनकारी छात्र सड़क पर उतरने को तैयार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए