सीवान में नाले की सफाई के बाद सड़क पर छोड़ी गई गाद बनी मुसीबत, छात्रों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी

फोटो डीएवी महाविद्यालय के समीप सड़क पर गंदगी
सीवान शहर में मानसूनी बारिश के बीच नगर परिषद द्वारा शुरू की गई नाला सफाई अभियान ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं. सफाई के बाद सड़क पर छोड़ी गई गाद के कारण राहगीरों, विशेषकर छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
सीवान शहर में लगातार हो रही मानसूनी बारिश के बीच नगर परिषद ने नालों की सफाई अभियान शुरू किया है. लेकिन सफाई के बाद निकाली गई गाद का समय पर उठाव नहीं होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. डीएवी मोड़ से इमानुएल मोड़ जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे नाले की सफाई के बाद गाद छोड़ दी गई, जो बारिश के कारण सड़क पर फैल गई है. इससे पूरे मार्ग पर कीचड़ और गंदगी का माहौल बन गया है.
राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बढ़ा खतरा
सड़क पर फैली गाद के कारण पैदल चलना मुश्किल हो गया है. वहीं दोपहिया वाहन चालकों को फिसलन के चलते दुर्घटना का डर सता रहा है. बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई है, जिससे रोजाना आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
छात्र-छात्राओं को हो रही सबसे अधिक परेशानी
इसी मार्ग पर डीएवी महाविद्यालय, दयानंद आयुर्वेदिक अस्पताल, डीएवी हाई स्कूल सहित कई शिक्षण संस्थान स्थित हैं. इसके अलावा आसपास बड़ी संख्या में कोचिंग संस्थान भी संचालित होते हैं. प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राओं को कीचड़ और गंदगी के बीच होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे उन्हें काफी असुविधा हो रही है.
गाद हटाने की उठी मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि नालों की सफाई आवश्यक है, लेकिन निकाली गई गाद को कई दिनों तक सड़क किनारे छोड़ देना उचित नहीं है. लगातार बारिश के कारण गाद सड़क पर फैलकर बदबू और गंदगी फैला रही है. लोगों ने नगर परिषद से मांग की है कि सफाई के साथ-साथ गाद का तत्काल उठाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों और विद्यार्थियों को राहत मिल सके.
बंटी यादव हत्याकांड में पटना पुलिस की कार्रवाई, लापरवाही पर 3 ASI और 1 होमगार्ड निलंबित
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










