सीतामढ़ी: भाई को बचाते-बचाते खुद डूबने लगा आदित्य, शिवा का हाथ छूटा तो गहरे पानी में समाया

Updated:
विज्ञापन

घटनास्थल पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम

रून्नीसैदपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है जहाँ खेलते समय एक 7 वर्षीय बच्चा नदी में डूब गया. अपने छोटे भाई को डूबता देख बड़े भाई ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहा. SDRF की टीम बच्चे की तलाश में जुटी है.

विज्ञापन

Sitamarhi News: रून्नीसैदपुर. प्रखंड मुख्यालय के सैदपुर घाट पर सोमवार को लखनदेई नदी में डूबने से करीब सात वर्षीय बच्चा लापता हो गया. लापता बच्चे की पहचान रून्नीसैदपुर उत्तरी पंचायत के वार्ड संख्या-11 निवासी मुरली पासवान के पुत्र शिवा कुमार के रूप में हुई है. शिवा अपने बड़े भाई आदित्य कुमार के साथ नदी किनारे गया था. घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने नदी में उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिली.

आपके शहर में

विज्ञापन
फोटो -   # घटनास्थल पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम खोज में जुटी.  # घटनास्थल पर जुटी ग्रामीणों की भीड़. | Prabhat Khabar Network
घटनास्थल पर पहुंची एसडीआरएफ

शौच के बाद नदी किनारे पानी छूने गए थे दोनों भाई

मिली जानकारी के अनुसार शिवा कुमार अपने नौ वर्षीय बड़े भाई आदित्य कुमार के साथ शौच के लिए नदी किनारे गया था. शौच के बाद दोनों भाई पानी छूने के लिए नदी के तट पर पहुंचे. इसी दौरान पैर फिसलने से शिवा अचानक गहरे पानी में जाने लगा.

छोटे भाई को बचाने नदी में उतरा आदित्य

शिवा को डूबता देखकर नौ वर्षीय आदित्य ने उसे बचाने की कोशिश की. उसने अपने छोटे भाई का हाथ पकड़ लिया, लेकिन भाई को बचाने के प्रयास में वह भी नदी की तेज धारा में डूबने लगा.

इसी दौरान नदी में मछुआरे द्वारा लगाया गया एक बांस आदित्य के हाथ लग गया. बांस पकड़ने के कारण आदित्य किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा, लेकिन इसी दौरान उसके दूसरे हाथ से शिवा का हाथ छूट गया और वह गहरे पानी में डूब गया.

एसडीआरएफ ने शुरू की नदी में तलाश

घटना की सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी संतोष कुमार सिंह ने तत्काल एसडीआरएफ की टीम को जानकारी दी. सूचना मिलते ही एसडीआरएफ के जवान घटनास्थल पर पहुंचे और लखनदेई नदी में शिवा की तलाश शुरू कर दी.

टीम ने नदी में काफी देर तक खोज अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक लापता बच्चे का कोई पता नहीं चल सका.

घटनास्थल पर जुटी ग्रामीणों की भीड़

बच्चे के नदी में लापता होने की खबर मिलते ही सैदपुर घाट पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए. परिजन और स्थानीय लोग एसडीआरएफ के खोज अभियान पर नजर बनाए रहे. बच्चे के नहीं मिलने से परिवार और ग्रामीणों में चिंता का माहौल बना हुआ है.

दिल्ली में मजदूरी करते हैं पिता, मां इलाज के लिए गई थीं

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार शिवा के पिता मुरली पासवान दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं. वहीं उसकी मां काजल देवी मुजफ्फरपुर में चिकित्सक से इलाज कराने गई थीं.

घटना के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई है. ग्रामीणों ने नदी में लापता शिवा की जल्द तलाश कर उसे बरामद करने की मांग की है.

यह भी पढ़ें: मोतिहारी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा सख्त, 4 इलाकों में 3 सितंबर तक नो-ड्रोन जोन

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन