नेपाल में बारिश से जनकपुर-काठमांडू मार्ग ठप, सीतामढ़ी जिला प्रशासन अलर्ट
तटबंधों के निरीक्षण के दौरान लोगों से बातचीत करते डीएम व एसपी
नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश से सीमावर्ती इलाकों में हलचल है. हालांकि, सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में बाढ़ की स्थिति नियंत्रण में है. नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है और नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है.
सीतामढ़ी बाढ़ अलर्ट: नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश और भारी जलप्रवाह के कारण सीमावर्ती इलाकों में हलचल बढ़ गई है. सीतामढ़ी के भिट्ठामोड़ सीमा पार जनकपुर से काठमांडू जाने वाले मुख्य मार्ग पर चितवन से नागढुंगा के बीच नदी का तेज बहाव आने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है. सुरक्षा के मद्देनजर नेपाल प्रशासन ने यात्री वाहनों के परिचालन पर अस्थायी रोक लगा दी है.
आपके शहर में
सीतामढ़ी में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में, न हों पैनिक
नेपाल से जलप्रवाह बढ़ने की सूचना के बाद सीतामढ़ी जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया, एसपी अमित रंजन और अपर समाहर्ता (आपदा) बृज किशोर पांडेय ने बताया कि जिले में वर्तमान में बाढ़ की स्थिति नहीं है. बागमती सहित सभी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है, इसलिए नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है.
सात संवेदनशील प्रखंडों में विशेष सतर्कता, अधिकारियों ने किया निरीक्षण
आगामी दिनों में संभावित जलवृद्धि को देखते हुए प्रशासन ने बैरगनिया, सुप्पी, मेजरगंज, बेलसंड, रुन्नीसैदपुर, रीगा और परसौनी प्रखंडों में अलर्ट जारी किया है:
- डीएम और एसपी ने संयुक्त रूप से सुप्पी के जमला, बैरगनिया बांध, चंदौली बांध और बागमती तटबंधों का स्थलीय मुआयना किया.
- कटाव निरोधक व सुरक्षात्मक कार्यों की मजबूती की गहन जांच की गई.
- सभी संवेदनशील स्थलों पर 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं.
प्रशासन की अपील और सुरक्षा गाइडलाइन
- नदी किनारे, घाटों, चचरी पुलों और निचले इलाकों में अनावश्यक जाने से बचें.
- जलस्तर बढ़ने की स्थिति में बच्चों, बुजुर्गों, दिव्यांगों और गर्भवती महिलाओं को तुरंत सुरक्षित स्थलों पर पहुंचाएं.
- मवेशियों को सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर रखें; स्वास्थ्य व पशुपालन विभाग ने दवाओं व चारे की व्यवस्था कर ली है.
- अफवाहों पर ध्यान न दें; किसी भी आपात सूचना व कटाव की जानकारी के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 06226-250316 पर संपर्क करें.
ये भी पढ़ें: सफाई पर हर माह करोड़ों खर्च, फिर भी सांसद आवास के पीछे कचरे का अंबार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए