पॉश एक्ट को लेकर समाहरणालय में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

फ़ोटो- दीप प्रज्ज्वलित करते डीएम व अन्य | Prabhat Khabar Network
सीतामढ़ी समाहरणालय में पॉश एक्ट पर एक दिवसीय उन्मुखीकरण सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान कानून के प्रभावी अनुपालन और संस्थागत जिम्मेदारी पर जोर दिया गया.
POSH Act training Sitamarhi: सीतामढ़ी जिला अंतर्गत समाहरणालय में शनिवार को महिला एवं बाल विकास निगम के निर्देशानुसार 'कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (रोकथाम, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम-2013' यानी पॉश एक्ट (POSH Act) विषय पर एक दिवसीय उन्मुखीकरण सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ डीएम रिची पांडेय, डीडीसी संदीप कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन बृजकिशोर पाण्डेय व डीपीओ आइसीडीएस निशिकांत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
कानून का प्रभावी अनुपालन और संस्थागत जिम्मेदारी
इस दौरान डीएम रिची पांडेय ने सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पॉश एक्ट का प्रभावी अनुपालन जिले के सभी सरकारी, निजी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में हर हाल में सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने जोर देकर कहा कि कार्यस्थल पर महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना प्रत्येक संस्था की बुनियादी जिम्मेदारी है. इसके लिए प्रत्येक कार्यालय में आंतरिक समिति व स्थानीय समिति का गठन किया जाना अनिवार्य है.
निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण पर जोर
डीएम ने यह भी कहा कि इन समितियों के कार्यों एवं दायित्वों की पूरी जानकारी सभी कर्मियों तक पहुंचाई जानी चाहिए. इसके साथ ही कार्यस्थलों पर आने वाली शिकायतों का निष्पक्ष, समयबद्ध व साक्ष्य-आधारित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कामकाजी महिलाओं का भरोसा बना रहे. उन्होंने अधिकारियों को सचेत करते हुए यह भी कहा कि इस कानून के किसी भी प्रकार के दुरुपयोग से भी बचा जाना चाहिए.
मुख्य प्रशिक्षक ने दिए प्रतिभागियों के सवालों के जवाब
प्रशिक्षण सत्र में मुख्य प्रशिक्षक गुंजन बिहारी ने पॉश एक्ट के तहत बने कड़े कानूनों और प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने वर्तमान समय में इस कानून के प्रति संस्थागत जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया और कार्यशाला में मौजूद प्रतिभागियों के प्रश्नों का सरल एवं व्यावहारिक उत्तर दिया. इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े ऑनलाइन प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों की भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










