रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे तीन लोग, टेंपो की टक्कर में बुजुर्ग की मौत
दुर्घटना की सांकेतिक तस्वीर
नानपुर में रविवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा. शरीफपुर में टेंपो की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गयी, जबकि कोइली में दो बाइकों की भिड़ंत में शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गये.
नानपुर सड़क हादसा: रून्नीसैदपुर-पुपरी स्टेट हाइवे पर रविवार को अलग-अलग सड़क हादसों में एक बुजुर्ग की मौत हो गयी, जबकि शिक्षक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. पहली घटना शरीफपुर गांव के पास हुई, जहां टेंपो की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गयी. दूसरी घटना कोइली गांव के पास दो बाइकों की टक्कर में हुई.
आपके शहर में
टेंपो की टक्कर में बुजुर्ग की मौत
शरीफपुर गांव के पास रविवार को टेंपो ने बाइक में टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार गौरी गांव निवासी अकलू भंडारी की मौत हो गयी. बाइक पर सवार पूनम कुमारी और मिथिलेश भंडारी भी गंभीर रूप से घायल हो गये.
स्थानीय स्तर पर घटना की सूचना पुलिस को दी गयी. इसके बाद थानाध्यक्ष देवव्रत कुमार और पुअनि संदेश कुमार सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
घायलों को इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे तीनों
बताया गया कि बाइक पर सवार तीनों लोग दरभंगा जिले के कमतौल स्थित अपने रिश्तेदार के यहां से लौट रहे थे. इसी दौरान शरीफपुर गांव के पास उनकी बाइक की टेंपो से टक्कर हो गयी.
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टेंपो और बाइक को जब्त कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
दो बाइक की टक्कर में शिक्षक गंभीर
इधर, नानपुर थाना क्षेत्र के कोइली गांव के पास रविवार को ही दो बाइकों के बीच टक्कर हो गयी. हादसे में एक बाइक सवार शिक्षक श्रवण कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये.
घायल शिक्षक को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
दूसरी बाइक पर सवार भदियन निवासी रवि कुमार को भी दुर्घटना में चोट आयी, लेकिन उनकी स्थिति सामान्य बतायी गयी है. उन्हें मामूली चोटें लगी हैं.
लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से सड़क पर सावधानी बरतने और तेज गति से वाहन नहीं चलाने की अपील की है.
यह भी पढे़ं:
सीतामढ़ी में काव्य गोष्ठी के साथ बैठक, शिक्षक दिवस और हिंदी दिवस पर 20 लोगों को मिलेगा सम्मान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए