डुमरा रोड में फिर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, खाली करायी गयी सड़क

Updated:
विज्ञापन
डुमरा रोड में फिर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, खाली करायी गयी सड़क

अभियान में शामिल उप नगर आयुक्त, टाउन प्लानर, पुलिस बल व अन्य. | Prabhat Khabar Network

सीतामढ़ी शहर में लगातार गंभीर होती जाम की समस्या से आम जनता को निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने डुमरा रोड पर एक बार फिर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाकर रास्ता साफ कराया गया.

विज्ञापन

Encroachment drive: सीतामढ़ी शहर में लगातार गंभीर होती जाम की समस्या से आम जनता को निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने एक बार फिर कमर कस ली है. शनिवार को नगर निगम की विशेष टीम ने डुमरा रोड में व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. इस कार्रवाई के तहत सड़क किनारे किए गए तमाम अवैध कब्जों को हटाकर रास्ता साफ कराया गया.

सड़क तक फैला लिया था सामान, राहगीर थे परेशान

अतिक्रमण हटाओ अभियान कुछ दिनों से बंद होने के कारण स्थानीय दुकानदारों और फुटपाथी दुकानदारों ने अपनी दुकानों का सामान मुख्य सड़क तक फैला लिया था. इसके चलते सड़क काफी संकरी हो गई थी और राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. जन शिकायत और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम की टीम ने शनिवार को शंकर चौक से लेकर सरकारी शांतिनगर आईटीआई (ITI) तक विशेष अभियान चलाया.

कार्रवाई शुरू होते ही दुकानदारों में मचा हड़कंप, खुद खाली की सड़क

नगर निगम की टीम जैसे ही पूरे दलबल के साथ मौके पर पहुंची, अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया. टीम द्वारा शुरुआती दो-तीन बड़े अतिक्रमणकारियों पर सख्त कार्रवाई करते ही अन्य दुकानदारों ने आनन-फानन में सड़क किनारे से अपना सामान खुद ही हटाना शुरू कर दिया. इस अभियान का नेतृत्व कर रहे उप नगर आयुक्त कुलदीप सिन्हा और टाउन प्लानर राहुल कुमार ने बताया कि टीम में मुख्य रूप से टैक्स दारोगा कालिका नंदन प्रसाद, जेसीबी चालक समेत करीब 20 निगम कर्मी शामिल थे. वहीं, सुरक्षा व्यवस्था और किसी भी तरह के विरोध से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में महिला व पुरुष पुलिस बल के साथ पुलिस पदाधिकारी भी मौके पर मुस्तैद रहे.

इस बार नहीं लगा जुर्माना, लेकिन आगे नियमित चलेगी कार्रवाई

नगर निगम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि डुमरा रोड पर अतिक्रमण की वजह से रोजाना एंबुलेंस, प्रशासनिक वाहनों और आम यात्रियों को घंटों जाम में जूझना पड़ता था. अधिकारियों ने बताया कि इस बार संवेदनशीलता दिखाते हुए किसी भी दुकानदार पर जुर्माना नहीं लगाया गया और न ही उनका सामान जब्त किया गया, बल्कि उन्हें कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया. नगर निगम ने साफ शब्दों में कहा है कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए अब आगे भी नियमित रूप से यह अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहेगा.


विज्ञापन
रतिकांत झा

लेखक के बारे में

By रतिकांत झा

रतिकांत पिछले करीब 17 वर्षों से पत्रकारिता में निरंतर कार्यरत हैं. उन्हें राजनीति, धर्म-अध्यात्म, पर्व-त्योहार, अपराध, सामाजिक सरोकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं जैसे बहुआयामी विषयों पर लगातार सटीक रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव प्राप्त है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन