शिवहर: तरियानी के सिरसिया चौर के पास डीएवी नरहां की स्कूल बस पेड़ से टकराई, एक दर्जन छात्र घायल

Updated:
विज्ञापन

शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र में डीएवी नरहां विद्यालय की स्कूल बस अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई. इस हादसे में एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है. ग्रामीणों की मदद से बच्चों को बचाया गया और अस्पताल पहुंचाया गया.

विज्ञापन

School Bus Accident: शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है. यहाँ बच्चों को स्कूल से छोड़कर घर वापस जा रही डीएवी नरहां विद्यालय की एक मिनी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई. इस दर्दनाक हादसे में बस में सवार एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए हैं. इनमें से दो बच्चों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

तीखे मोड़ पर अनियंत्रित हुई बस, मची चीख-पुकार

घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नरवारा-मंगुराहां मार्ग के बीच सिरसिया चौर के समीप सड़क पर एक बेहद तीखा मोड़ है. इसी मोड़ के पास रफ्तार में होने के कारण चालक बस पर से अपना नियंत्रण खो बैठा, जिससे मिनी बस सीधे जाकर पेड़ से भिड़ गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पूरी बस के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार मासूम बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई.


ग्रामीणों ने बच्चों को निकाला बाहर, दो गंभीर छात्र मुजफ्फरपुर रेफर

हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और सूझबूझ दिखाते हुए बस में फंसे सभी बच्चों को बाहर निकाला. ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया. इस दुर्घटना में छात्रा भूमि कुमारी का पैर टूट गया है, जबकि छात्र लक्ष्य कुमार के सिर में गंभीर चोट आई है. इन दोनों बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए इन्हें मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच (SKMCH) रेफर कर दिया है, जहाँ उनका इलाज जारी है.

अस्पताल में चल रहा अन्य बच्चों का इलाज, जांच में जुटी पुलिस

हादसे में घायल अन्य बच्चों की पहचान श्रेष्टी कुमारी, आदर्श कुमार, गोलू कुमार, रितिक कुमारी, आयुष कुमार, शालू गुप्ता और साक्षी कुमारी के रूप में की गई है. इन सभी छात्र-छात्राओं को स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने अधिकांश बच्चों की स्थिति खतरे से बाहर बताई है.इधर, हादसे की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजनों और अभिभावकों में कोहराम मच गया और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना पाकर मौके पर पहुंची तरियानी थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन