19 जुलाई को शिवहर आएंगे CM सम्राट चौधरी, 130.88 करोड़ की योजना का शुभारंभ; 40 प्रोजेक्ट की भी देंगे सौगात

Updated:
विज्ञापन
सीएम के कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते डीएम प्रतिभा रानी, एसपी शैलेन्द्र सिंह व अन्य | Prabhat Khabar Network

सीएम के कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते डीएम प्रतिभा रानी, एसपी शैलेन्द्र सिंह व अन्य

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 19 जुलाई को शिवहर का दौरा करेंगे. इस दौरान वे 130.88 करोड़ रुपये की बहुप्रतीक्षित बूढ़ी गंडक नदी जोड़ योजना का शुभारंभ करेंगे. इसके साथ ही जिले की 40 अन्य विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी प्रस्तावित है.

विज्ञापन

Samrat Chaudhary Sheohar Visit: जिले में 19 जुलाई को सीएम सम्राट चौधरी का प्रस्तावित दौरा है. इस दौरान पिपराही प्रखंड क्षेत्र में 13088.57 लाख रुपये की लागत वाली बहुप्रतीक्षित बूढ़ी गंडक नदी से नदी जोड़ योजना (बेलवाधार) के तहत बेलवा से मीनापुर लिंक चैनल के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया जाएगा. इसके साथ ही जिले की 40 अन्य विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास प्रस्तावित है.

सीएम के दौरे को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है. डीएम प्रतिभा रानी और एसपी शैलेन्द्र सिंह तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं. कार्यक्रम स्थल से लेकर आवागमन के मार्गों तक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है.

130.88 करोड़ की योजना से क्या बदलेगा?

डीएम प्रतिभा रानी के अनुसार, बेलवाधार नदी जोड़ योजना पर 130.88 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी. इस परियोजना के तहत बेलवा से मीनापुर तक लिंक चैनल का निर्माण किया जाना है.

प्रशासन के मुताबिक, इस परियोजना से क्षेत्र में बाढ़ नियंत्रण और सिंचाई व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है. लंबे समय से प्रतीक्षित इस परियोजना के निर्माण कार्य का शुभारंभ सीएम के प्रस्तावित दौरे के दौरान किया जाएगा.

22 योजनाओं का उद्घाटन, 18 का होगा शिलान्यास

दौरे के दौरान शिवहर जिले के विकास से जुड़ी कुल 40 अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं को भी आगे बढ़ाया जाएगा. इनमें 22 योजनाओं का उद्घाटन और 18 योजनाओं का शिलान्यास प्रस्तावित है.

जिला प्रशासन कार्यक्रम को लेकर संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रखे हुए है. डीएम के अनुसार, कार्यक्रम के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए तैयारियों की अंतिम रूपरेखा तय कर ली गई है.

मंच से रास्तों तक सुरक्षा की जांच

सीएम के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. डीएम प्रतिभा रानी और एसपी शैलेन्द्र सिंह स्वयं तैयारियों का निरीक्षण कर रहे हैं.

मंच, बैरिकेडिंग, दर्शक दीर्घा और आवागमन के मार्गों की जांच की जा रही है. सुरक्षा के मद्देनजर मेटल डिटेक्टर और डॉग स्क्वॉड की टीमों को भी जांच में लगाया गया है.

पुलिस बल के साथ दंडाधिकारी भी रहेंगे तैनात

कार्यक्रम के दौरान भीड़ प्रबंधन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल के साथ दंडाधिकारियों की विशेष प्रतिनियुक्ति की गई है. कार्यक्रम स्थल और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है.

फिलहाल जिला प्रशासन 19 जुलाई के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है. सीएम के दौरे के दौरान बेलवाधार नदी जोड़ योजना के निर्माण कार्य के शुभारंभ के साथ 40 अन्य योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास की तैयारी है.


विज्ञापन
Manish Kumar Sing

लेखक के बारे में

By Manish Kumar Sing

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन