रोहतास में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, दो दिन में चलेगा अभियान, अवैध पार्किग और ठेले पर भी होगी कार्रवाई

नगर प्रशासन और आमलोगों के बीच महत्वपूर्ण बैठक
कोचस नगर प्रशासन ने अतिक्रमण और जाम से निपटने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। चौक के 200 मीटर के दायरे में अब वाहन पार्किंग और अतिक्रमण पर पूरी तरह रोक रहेगी।
Kochas Encroachment Removal Drive Rohtas : रोहतास जिले के कोचस नगर पंचायत में अतिक्रमण और लगातार लगने वाले जाम की समस्या को लेकर प्रशासन अब सख्त रुख अपनाने जा रहा है. मंगलवार को प्रखंड कार्यालय में आयोजित बैठक में नगर प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर अतिक्रमण हटाने के लिए व्यापक अभियान चलाने का फैसला लिया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सर्वे पूरा होने के बाद दो दिनों के भीतर कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी.
Rohtas News : दो दिन में शुरू होगा अतिक्रमण हटाओ अभियान
बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद शबनम परवीन ने की, जबकि संचालन बीडीओ चंद्रभूषण गुप्ता ने किया. बैठक में सर्वसम्मति से सड़क किनारे अवैध पार्किंग, ठेला-गुमटी, फुटपाथ पर कब्जा और भवन निर्माण सामग्री रखकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया गया. अंचलाधिकारी श्वेता कुमारी ने बताया कि पूरे नगर पंचायत क्षेत्र का सर्वे कर दो दिनों के भीतर अभियान शुरू किया जाएगा.
Sasaram News : ठेले और टेंपो के लिए बनेगी वैकल्पिक व्यवस्था.
बैठक में महात्मा गांधी चौक सहित प्रमुख स्थानों पर फल-सब्जी विक्रेताओं, ठेला-खोमचा संचालकों और टेंपो चालकों के लिए वैकल्पिक स्थान विकसित करने पर भी सहमति बनी. नगर कार्यपालक पदाधिकारी ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि चौक से बक्सर रोड, सासाराम रोड, आरा रोड और मोहनिया रोड तक 200 मीटर के दायरे को स्थायी रूप से अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा.
लोगों ने नगर प्रशासन पर भी लगाए गंभीर आरोप
बैठक के दौरान कई स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन पर ही अवैध वसूली कर सड़क किनारे ठेला और गुमटी लगवाने का आरोप लगाया. लोगों का कहना था कि इससे अतिक्रमण बढ़ा और जाम की समस्या गंभीर होती गई. साथ ही कोचस चौक पर इलेक्ट्रॉनिक ट्रैफिक सिग्नल, ट्रैफिक पुलिस की तैनाती और स्थायी टेंपो स्टैंड की भी मांग उठाई गई.
किशोर की मौत के बाद बढ़ा जनदबाव
गौरतलब है कि छह दिन पहले महात्मा गांधी चौक के पास अतिक्रमण और खराब सड़क के कारण हुए हादसे में एक किशोर की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई थी. घटना के बाद लोगों ने करीब पांच घंटे तक एनएच-319 जाम रखा था. डीएम के निर्देश पर प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन कार्रवाई में देरी से लोगों में नाराजगी बढ़ गई थी. इसी के बाद प्रशासन ने आम लोगों के साथ बैठक कर अभियान की रूपरेखा तैयार की.
अधिकारियों ने सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा
बैठक में अंचलाधिकारी श्वेता कुमारी, थानाध्यक्ष नीतीश कुमार, नगर ईओ ओम प्रकाश सिंह, बीस सूत्री अध्यक्ष हरिहर प्रसाद सिंह, उपाध्यक्ष स्नेहा कुमारी, मुखिया विकास तिवारी समेत वार्ड पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे. अधिकारियों ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










