रोहतास में बीस सूत्री की बैठक में उठा अतिक्रमण और जलजमाव का मुद्दा, अवैध शराब से लेकर खाद की किल्लत पर भी हुई चर्चा
. | Prabhat Khabar Network
चेनारी में आयोजित बीस सूत्री बैठक में सदस्यों ने अतिक्रमण, जलजमाव और जाम की समस्या पर अधिकारियों के समक्ष नाराजगी जताई और कार्रवाई की मांग की।
Rohtas News : चेनारी प्रखंड परिसर स्थित मनरेगा भवन के सभागार में बुधवार को बीस सूत्री की बैठक गहमागहमी के बीच संपन्न हुई. बैठक में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सदस्यों ने संबंधित अधिकारियों से सवाल किए और कई मामलों में तत्काल कार्रवाई की मांग की. सरकारी परिसरों में अतिक्रमण, चेनारी नगर पंचायत में जलजमाव, प्रमुख चौक-चौराहों पर लगने वाले जाम, अवैध शराब की बिक्री और किसानों को खाद मिलने में हो रही परेशानी समेत कई मुद्दे बैठक में छाए रहे.
आपके शहर में
पशु अस्पताल परिसर में अवैध कब्जे का मामला उठा
बीस सूत्री उपाध्यक्ष मृत्युंजय शुक्ला ने पशु अस्पताल परिसर में वाहनों को अवैध रूप से खड़ा कर सरकारी जमीन पर कब्जा किए जाने का मामला उठाया. उन्होंने कहा कि सरकारी परिसरों के आसपास धीरे-धीरे अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है. इससे आम लोगों के साथ-साथ विभागीय कार्यों में भी परेशानी हो रही है.
उन्होंने अतिक्रमणकारियों को चिह्नित कर तत्काल कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की. सदस्यों ने कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है.
जलजमाव से नगर पंचायत के लोगों की बढ़ी परेशानी
बैठक में चेनारी नगर पंचायत में जलजमाव की समस्या भी प्रमुखता से उठायी गयी. सदस्यों ने कहा कि बारिश के बाद कई स्थानों पर पानी जमा हो जाता है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है. नालियों की समुचित सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या लगातार बनी हुई है.
सदस्यों ने नगर क्षेत्र में स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था कराने और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की.
सिंह चौक से संत चौक तक रोज लग रहा जाम
सदस्यों ने सिंह चौक से संत चौक तथा वन विभाग कार्यालय से आगे तक प्रतिदिन लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठाया. सड़क किनारे बेतरतीब वाहनों की पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था की कमी को जाम का प्रमुख कारण बताया गया.
सदस्यों ने प्रशासन से सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की, ताकि लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके.
अवैध शराब की बिक्री पर कार्रवाई की मांग
बैठक के दौरान प्रखंड क्षेत्र में अवैध रूप से शराब की बिक्री होने की शिकायत भी सदस्यों ने की. सदस्यों ने संबंधित विभाग से ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने और अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने की मांग की.
खाद की उपलब्धता और कालाबाजारी का मुद्दा भी उठा
किसानों को खाद मिलने में हो रही परेशानी और खाद की बिक्री में अनियमितता का मामला भी बैठक में उठा. सदस्यों ने कहा कि किसानों को निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध करायी जाए. साथ ही खाद की कालाबाजारी और अनियमित बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की गयी.
अधिकारियों ने कार्रवाई का दिया भरोसा
बैठक की अध्यक्षता बीस सूत्री अध्यक्ष धर्मेंद्र कुशवाहा ने की. मौके पर अंचलाधिकारी पुरुषोत्तम कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रियंका कुमारी, बीस सूत्री उपाध्यक्ष मृत्युंजय शुक्ला समेत अन्य सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
बैठक में सदस्यों की ओर से उठाये गये विभिन्न जनसमस्याओं पर अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए