रोहतास: न्यू स्टेडियम में खिलाड़ियों का जोश देख प्रभावित हुई SDO प्रिया रानी, बोलीं- यही बच्चे बनेंगे जिले की धरोहर
फोटो कैप्शन : खिलाड़ियों के साथ एसडीओ | Prabhat Khabar Network
सासाराम की एसडीओ प्रिया रानी ने न्यू स्टेडियम फजलगंज का निरीक्षण किया। खिलाड़ियों का हुनर देखकर उन्होंने कहा कि जिले में इतनी प्रतिभा की कल्पना नहीं थी।
Rohtas News : सासाराम की नवनियुक्त अनुमंडल पदाधिकारी प्रिया रानी ने मंगलवार की शाम न्यू स्टेडियम, फजलगंज स्थित खेल भवन का निरीक्षण किया. शाम करीब छह बजे पहुंचीं एसडीओ ने विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके प्रशिक्षण, अभ्यास तथा उपलब्ध खेल सुविधाओं की जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों की प्रतिभा और खेल के प्रति उनके उत्साह को करीब से देखा.
आपके शहर में
खेल भवन पहुंचकर अधिकारियों से की मुलाकात
अनुमंडल पदाधिकारी ने खेल भवन पहुंचने पर जिला खेल पदाधिकारी विजय कुमार पंडित से शिष्टाचार भेंट की. इसके बाद उन्होंने ग्राउंड फ्लोर स्थित व्यायामशाला भवन का निरीक्षण किया. उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं और खिलाड़ियों के अभ्यास से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली.
कबड्डी से लेकर बॉक्सिंग तक देखा खेल
एसडीओ कबड्डी कोर्ट पहुंचीं और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया. उन्होंने जूडो-कराटे के खिलाड़ियों से भी मुलाकात कर प्रशिक्षण की जानकारी ली. इसके बाद बॉक्सिंग का मैच देखा और खेल की बारीकियों को समझने में रुचि दिखाई. बॉक्सिंग के सचिव एवं कोच नरेंद्र सिंह से खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और अन्य गतिविधियों की जानकारी ली.
ताइक्वांडो और योग प्रदर्शन ने खींचा ध्यान
अनुमंडल पदाधिकारी ने ताइक्वांडो का मैच भी देखा. उन्होंने दिव्यांग बच्चों के खेल प्रदर्शन का अवलोकन कर उनका उत्साह बढ़ाया. योग प्रशिक्षक नवल किशोर की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत योगासन को भी देखा. वहीं, अंजनी के मार्गदर्शन में बच्चों के कराटे प्रदर्शन का अवलोकन किया. निरीक्षण के अंत में उन्होंने फुटबॉल खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनके अभ्यास के बारे में जानकारी ली.
खेल प्रतिभाओं को देखकर एसडीओ हुईं प्रभावित
इस दौरान जिला खेल संघ के सचिव दामोदर सिंह और रोहतास जिला फुटबॉल संघ के उपसचिव राहुल सिंह ने भी एसडीओ से परिचय प्राप्त किया. खेल पदाधिकारियों और प्रशिक्षकों ने जिले में संचालित विभिन्न खेल गतिविधियों की जानकारी दी.
बोलीं- यही बच्चे बनेंगे जिले की धरोहर
खिलाड़ियों की प्रतिभा देखकर अनुमंडल पदाधिकारी प्रिया रानी ने कहा कि जिले में इतनी खेल प्रतिभाएं मौजूद हैं, इसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यही बच्चे जिले की धरोहर बनेंगे. खेल के क्षेत्र में जिले को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों का भविष्य उज्ज्वल बनाने के लिए वह हरसंभव प्रयास करेंगी. उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और मेहनत जारी रखने के लिए भी प्रेरित किया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए