रोहतास: किशोरावस्था में बदलाव से न घबराएं, स्वास्थ्य के प्रति रहें सजग : डॉ नीतू
फोटो कैप्शन : कार्यक्रम में शामिल अतिथि, प्राचार्य एवं अन्य. | Prabhat Khabar Network
सासाराम के केंद्रीय विद्यालय में आयोजित कार्यशाला में डॉ. नीतू कुमारी ने छात्राओं को किशोरावस्था में स्वच्छता और स्वास्थ्य देखभाल के महत्व के बारे में बताया।
Rohtas News : किशोरावस्था जीवन का महत्वपूर्ण चरण है. इस दौरान शरीर में होने वाले बदलावों को समझना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना बेहद जरूरी है. छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वास्थ्य देखभाल पर विशेष ध्यान देना चाहिए. उक्त बातें सदर अस्पताल, सासाराम की चिकित्सक डॉ नीतू कुमारी ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, सासाराम में आयोजित बालिका किशोरावस्था कार्यक्रम में छात्राओं को संबोधित करते हुए कहीं.
आपके शहर में
शारीरिक बदलावों को समझने की दी जानकारी
डॉ नीतू कुमारी ने कहा कि किशोरावस्था में शरीर में कई तरह के प्राकृतिक बदलाव होते हैं. छात्राओं को इन बदलावों की सही जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वे बिना किसी झिझक या भ्रम के अपनी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को समझ सकें. उन्होंने किशोरावस्था में होने वाले विभिन्न शारीरिक बदलावों और उनकी विशेषताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी. साथ ही स्वास्थ्य और व्यक्तिगत स्वच्छता को लेकर जरूरी सावधानियों के बारे में भी बताया.
स्वास्थ्य संबंधी परेशानी में लें चिकित्सकीय सलाह
डॉ नीतू ने कहा कि शरीर में होने वाले बदलाव प्राकृतिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं. इसलिए इनके प्रति किसी तरह की झिझक या संकोच नहीं रखना चाहिए. छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहते हुए साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए. स्वास्थ्य संबंधी किसी भी परेशानी या असामान्य स्थिति में उचित चिकित्सकीय सलाह लेने की भी उन्होंने अपील की.
मानसिक बदलावों पर भी हुई चर्चा
कार्यशाला में रोहतास महिला कॉलेज की सहायक प्राध्यापक डॉ शशि बाला ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया. उन्होंने किशोरावस्था के दौरान होने वाले मानसिक बदलावों और संपूर्ण स्वास्थ्य पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि इस अवस्था में शारीरिक बदलावों के साथ मानसिक स्तर पर भी कई तरह के परिवर्तन आते हैं. छात्राओं को अपनी भावनाओं को समझने, आत्मविश्वास बनाए रखने और मानसिक रूप से मजबूत बनने की दिशा में भी ध्यान देना चाहिए.
छात्राओं ने बेझिझक पूछे सवाल
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने डॉ नीतू कुमारी और डॉ शशि बाला से किशोरावस्था से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे. छात्राओं ने स्वास्थ्य, शारीरिक बदलाव और स्वच्छता से जुड़ी अपनी जिज्ञासाएं संसाधकों के सामने रखीं. दोनों संसाधकों ने छात्राओं के सवालों का सहज तरीके से जवाब देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया. इससे छात्राओं को किशोरावस्था से जुड़े विषयों को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिली.
कहानी के माध्यम से समझाया किशोरावस्था का महत्व
स्कूल के प्राचार्य सुरेंद्र कुमार वर्मा ने स्वागत के दौरान एक कहानी के माध्यम से किशोरावस्था के विभिन्न चरणों को समझाने का प्रयास किया. उन्होंने छात्राओं को जीवन के इस महत्वपूर्ण दौर में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यशाला की शुरुआत
इससे पूर्व पीएम श्री योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यशाला का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ. पीएम श्री योजना की प्रभारी प्रियंका पाराशर ने कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. कला शिक्षक राकेश कुमार ने भी कार्यशाला को सफल बनाने में सहयोग किया. कार्यशाला में कक्षा 6 से 12 तक की सभी छात्राओं ने हिस्सा लिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए