जहां से खेलकर निखरे आकाशदीप, वही शिवसागर स्टेडियम झेल रहा बदहाली की मार

Updated:
विज्ञापन
sasaram news

शिवसागर स्टेडियम की तस्वीर

Sasaram News: रोहतास जिले का शिवसागर स्टेडियम इन दिनों बदहाल स्थिति से जूझ रहा है. भारतीय क्रिकेटर आकाश दीप की शुरुआती यादों से जुड़ा यह मैदान अब टूटी चहारदीवारी, जर्जर ड्रेसिंग रूम और गंदगी के कारण उपेक्षा का प्रतीक बनता जा रहा है.

विज्ञापन

Sasaram News: (सुजीत कुमार की रिपोर्ट): रोहतास जिले के शिवसागर प्रखंड मुख्यालय स्थित शिवसागर स्टेडियम इन दिनों बदहाल स्थिति का सामना कर रहा है. कभी खेल गतिविधियों से गुलजार रहने वाला यह मैदान अब उपेक्षा का शिकार होता नजर आ रहा है. भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी आकाश दीप के प्रखंड क्षेत्र का यह प्रमुख मैदान रहा है. क्रिकेट के शुरुआती दिनों में वह भी यहां आयोजित टेनिस क्रिकेट मैचों में खेलने पहुंचते थे, लेकिन आज स्टेडियम की हालत लगातार खराब होती जा रही है.

टूटी चहारदीवारी और गायब गेट बने चिंता

स्टेडियम की चहारदीवारी कई जगहों से टूट चुकी है. दोनों ओर लगे मुख्य गेट भी गायब हो चुके हैं. मैदान में लगा गोलपोस्ट अब नजर नहीं आता है, जबकि दर्शकों के बैठने के लिए बनी सीढ़ियां भी टूटकर बिखर रही हैं. खिलाड़ियों के लिए बने ड्रेसिंग रूम के दरवाजे और खिड़कियां भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं.

गंदगी और अव्यवस्था से खिलाड़ी परेशान

मैदान परिसर में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है, जिससे खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में निराशा बढ़ रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेडियम के रखरखाव की दिशा में लंबे समय से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. इसके कारण खेल गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं.

कभी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का केंद्र था मैदान

ग्रामीणों के अनुसार एक समय ऐसा था जब इस मैदान में राष्ट्रीय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता और राज्यस्तरीय पुरुष फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित होते थे. जिले भर से खेल प्रेमी यहां पहुंचते थे और प्रतियोगिताओं के दौरान स्टेडियम में काफी चहल-पहल रहती थी, लेकिन सुविधाओं के अभाव में अब यह मैदान अपनी पहचान खोता जा रहा है.

प्रशासनिक कार्यक्रम भी होते हैं आयोजित

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह प्रखंड मुख्यालय का प्रमुख खेल मैदान है, जहां समय-समय पर प्रशासनिक और राजनीतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं. बावजूद इसके स्टेडियम की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई गंभीर पहल नहीं की गई है.

जीर्णोद्धार की उठी मांग

स्थानीय खिलाड़ियों और ग्रामीणों ने सरकार एवं प्रशासन से शिवसागर स्टेडियम के जीर्णोद्धार की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मैदान की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दिया जाए, तो क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी और नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा.

ALSO READ: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान गुरुघर में मत्था टेकने पटना साहिब पहुंचे

विज्ञापन
करुणा तिवारी

लेखक के बारे में

By करुणा तिवारी

करुणा तिवारी पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की. 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन