करगहर में नशामुक्त विद्यालय अभियान पर सख्ती, 29 स्कूलों के प्रधानाध्यापकों से मांगा गया स्पष्टीकरण

Updated:
विज्ञापन

नशामुक्त विद्यालय पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन नहीं करने वाले रोहतास के 29 स्कूलों के प्रधानाध्यापकों पर विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।

विज्ञापन

रोहतास जिले के करगहर प्रखंड में नशामुक्त विद्यालय अभियान को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है. विभागीय निर्देश के बावजूद नशामुक्त विद्यालय पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं कराने वाले 29 सरकारी विद्यालयों की सूची जारी की गयी है. इन स्कूलों के प्रधानाध्यापकों और प्रभारी प्रधानाध्यापकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है. विभाग ने इसे निर्देश की अनदेखी और लापरवाही का मामला माना है.

आपके शहर में

विज्ञापन

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी करगहर की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि 18 अगस्त 2026 को हुई बैठक में प्रखंड के सभी विद्यालयों को नशामुक्त विद्यालय पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने का निर्देश दिया गया था. इसके लिए विद्यालयों को पर्याप्त समय भी दिया गया, लेकिन 27 अगस्त तक सूची में शामिल विद्यालयों ने रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी नहीं की.

दो दिनों में देना होगा जवाब

शिक्षा विभाग ने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को दो दिनों के भीतर साक्ष्य के साथ अपना स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है. विभाग ने साफ किया है कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो संबंधित प्रधानाध्यापकों के खिलाफ आगे की कार्रवाई के लिए वरीय पदाधिकारी को प्रतिवेदन भेजा जायेगा.

विभाग की कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि नशामुक्त विद्यालय अभियान को लेकर अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. विद्यालयों को पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करने के साथ इसकी पुष्टि से संबंधित साक्ष्य भी उपलब्ध कराने होंगे.

सात दिनों के वेतन कटौती का भी उल्लेख

विभागीय पत्र में 21 अगस्त से 27 अगस्त 2026 तक सात दिनों के वेतन की कटौती किये जाने का भी उल्लेख किया गया है. ऐसे में पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन नहीं कराने की लापरवाही संबंधित प्रधानाध्यापकों पर आर्थिक रूप से भी भारी पड़ सकती है.

विभाग ने सभी संबंधित विद्यालयों को तत्काल रजिस्ट्रेशन पूरा करने और स्पष्टीकरण के साथ उसका प्रमाण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है. कार्रवाई की सूचना के बाद संबंधित विद्यालयों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है.

इन विद्यालयों के नाम सूची में शामिल

विभाग की ओर से जारी सूची में एनएलडब्ल्यू पीएस धनगुआ, पीएस खुढ़ुरिया, उत्क्रमित मध्य विद्यालय सुकदियारी, एचएस बभनी, न्यू पीएस त्रिलोकपुर, एमएस बिसोडिहरी, एमएस रामपुर नरेश, पीएस महेशपुर, पीएस खरहाना, उत्क्रमित मध्य विद्यालय उसाना, न्यू पीएस मच्छियाडीह, उत्क्रमित मध्य विद्यालय चिलबिली, न्यू पीएस बलभद्रपुर, एमएस सामहुता, पीएस थोरसन-1, पीएस सरोदिह, पीएस झलकीओरा, यूपीएस पिपरा खुर्द, न्यू पीएस उग्रसेनपुर, पीएस गोपालपुर, पीएस भगवानपुर, एमएस पिपरा खुर्द, पीएस सोनी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय करवांर, एमएस अख्तियारपुर, पीएस फकिला, पीएस लोकनाथपुर और यूपीएस इटवा समेत अन्य विद्यालय शामिल हैं.

शिक्षा विभाग ने संबंधित प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि वे बिना देरी किये नशामुक्त विद्यालय पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पूरा करें. साथ ही, रजिस्ट्रेशन से संबंधित साक्ष्य अपने स्पष्टीकरण के साथ विभाग को उपलब्ध करायें. अब विभाग की अगली कार्रवाई प्रधानाध्यापकों की ओर से दिये जाने वाले जवाब और प्रस्तुत किये गये साक्ष्यों पर निर्भर करेगी.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन