रोहतास: नोखा नगर परिषद बोर्ड की बैठक में विकास प्रस्तावों पर लगी मुहर, पेयजल और जनसुविधाओं पर रहा फोकस
फोटो : सामान्य बोर्ड बैठक में उपस्थित सभापति,राधेश्याम सिंह, उप सभापति धनजी सिंह अधिकारी एवं वार्ड पार्षद | Prabhat Khabar Network
नगर परिषद नोखा की बोर्ड बैठक में पेयजल, नल-जल योजना और जनसुविधाओं से जुड़े कई अहम विकास प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। जानिए बैठक की पूरी जानकारी।
रंजन कुमार की रिपोर्ट, नोखा (रोहतास)
आपके शहर में
Rohtas News : नगर परिषद नोखा की सामान्य बोर्ड बैठक में सोमवार को विकास योजनाओं, नागरिक सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गयी. बैठक में नगर परिषद कर्मियों के अवधि विस्तार, बस स्टैंड स्थित सार्वजनिक शौचालय के एकरारनामा और नगर क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नल-जल योजना सहित विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श के बाद आवश्यक निर्णय लिए गये.
पिछली बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि के बाद एजेंडे पर हुई चर्चा
नगर परिषद कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक की अध्यक्षता सभापति राधेश्याम सिंह ने की. बैठक की शुरुआत पिछली सामान्य बोर्ड बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि के साथ हुई. इसके बाद एजेंडे में शामिल विभिन्न प्रस्तावों को एक-एक कर सदस्यों के समक्ष रखा गया. सदस्यों ने प्रस्तावों पर अपने सुझाव और विचार रखे.
कर्मियों के अवधि विस्तार और सार्वजनिक शौचालय पर हुआ मंथन
बैठक में नगर परिषद में कार्यरत कर्मियों के अवधि विस्तार के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की गयी. इसके अलावा बस स्टैंड स्थित सार्वजनिक शौचालय के एकरारनामा और उससे संबंधित सुरक्षित राशि निर्धारित करने के मुद्दे पर भी विचार-विमर्श हुआ. बोर्ड ने आवश्यक निर्णय लेते हुए आगे की नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करने पर सहमति जतायी.
नल-जल योजना के प्राक्कलन को प्रशासनिक स्वीकृति देने पर सहमति
नगर क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नल-जल योजना के लिए तैयार प्राक्कलन को प्रशासनिक स्वीकृति देने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई. बोर्ड की सहमति के बाद योजना को आगे बढ़ाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का रास्ता साफ हुआ. इससे नगर क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुचारु पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी.
जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी सदस्यों ने रखे सुझाव
अध्यक्ष की अनुमति से अन्य आवश्यक और जनहित से जुड़े विषय भी बैठक में रखे गये. सार्वजनिक सुविधाओं, प्रशासनिक कार्यों और नगर विकास से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर सदस्यों ने सुझाव दिये. चर्चा के बाद संबंधित विषयों पर आवश्यक निर्णय लिये गये.
नागरिकों को बेहतर सुविधा देना बोर्ड की प्राथमिकता : सभापति
सभापति राधेश्याम सिंह ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र का समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना बोर्ड की सर्वोच्च प्राथमिकता है. जनहित से जुड़े प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक निर्णय लिये गये हैं.
स्वीकृत प्रस्तावों पर नियमानुसार होगी कार्रवाई : ईओ
कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. सुजीत कुमार ने कहा कि सामान्य बोर्ड की स्वीकृति और निर्णयों के अनुरूप संबंधित योजनाओं एवं प्रस्तावों पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी.
बैठक में ये लोग रहे मौजूद
बैठक में उपसभापति धनजी सिंह, सिटी मैनेजर प्रवीण कुमार ओझा, टाउन प्लानर विनय चंद्रनाथ सिंह, स्वच्छता पदाधिकारी नेहा प्रसाद, वार्ड पार्षद सुदामा कुमार, मंजू देवी, तेज नारायण सिंह, कंचन कुमारी, कंचन देवी, ललिता देवी, सुनीता गुप्ता, अली शेर अंसारी, श्रीराम प्रसाद, निर्मला देवी, कृष्णावती देवी, राम एकबाल एवं पुष्पा कुमारी, प्रधान लिपिक संजय कुमार, टैक्स दरोगा सत्यनारायण प्रसाद सहित अन्य उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए