रोहतास: किसानों की समस्याओं पर गरमाया मुद्दा, भारतीय किसान संघ चलायेगा 17 जिलों में अभियान
दक्षिण बिहार प्रांत कार्यकारिणी की बैठक में भाग लेते किसान | Prabhat Khabar Network
भारतीय किसान संघ ने दक्षिण बिहार में किसानों की समस्याओं और खाद की किल्लत को लेकर जिला स्तर पर बड़े आंदोलन की रणनीति तैयार की है।
Rohtas News : भारतीय किसान संघ दक्षिण बिहार प्रांत की दो दिवसीय कार्यकारिणी बैठक शनिवार को स्टेशन रोड स्थित झुनझुनवाला वाटिका में शुरू हुई. बैठक में दक्षिण बिहार के 17 जिलों से पहुंचे प्रदेश, प्रांत और जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ किसान प्रतिनिधियों ने किसानों की विभिन्न समस्याओं पर मंथन किया. समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तर पर अभियान चलाने और जरूरत पड़ने पर आंदोलन करने की रणनीति पर सहमति बनी.
आपके शहर में
17 जिलों के प्रतिनिधियों ने रखी किसानों की समस्याएं
बैठक का उद्घाटन भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्रा, रोहतास जिला अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह और सरबजीत सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इसके बाद विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों को हो रही समस्याओं को प्रमुखता से रखा और उनके समाधान के लिए संगठन की भूमिका पर चर्चा की.
भूमि-राजस्व मामलों में परेशानी का मुद्दा उठा
बैठक में भूमि एवं राजस्व विभाग से जुड़ी समस्याओं और कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया. किसान प्रतिनिधियों ने कहा कि भूमि संबंधी मामलों के निपटारे में किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. संगठन ने ऐसे मामलों के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाने और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन करने का निर्णय लिया.
खाद की उपलब्धता को लेकर 17 जिलों में अभियान
रासायनिक उर्वरकों की समय पर उपलब्धता को लेकर भी किसान प्रतिनिधियों ने चिंता जतायी. बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी 17 जिलों में किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने की मांग को लेकर जिला स्तर पर अभियान चलाया जायेगा. जरूरत पड़ने पर इसके लिए आंदोलन भी किया जायेगा.
भगवान बलराम पूजा की तैयारियों पर भी चर्चा
बैठक में आगामी 17 सितंबर को भगवान बलराम की पूजा के आयोजन की तैयारियों पर भी चर्चा की गयी. कार्यक्रम की अध्यक्षता जितेंद्र सिंह ने की, जबकि मंच संचालन बाल किशोर पाठक ने किया. मौके पर महेंद्र प्रताप सिंह, हेमराज, सर्वजीत सिंह, बाल किशोर पाठक, बलिराम सिंह, पवन कुमार, रणजीत सिंह, नारायण सिंह, सूर्यनाथ सिंह, शंभूनाथ तिवारी समेत कई पदाधिकारी और किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए