रोहतास: मिड-डे मील पर शिकायत, शिक्षक से विवाद और पुलिस तक पहुंचा मामला; अब SDM की जांच कमिटी करेगी पड़ताल
करौंदी प्राथमिक विद्यालय भवन की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
दिनारा के प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील न बनने की शिकायत पर शिक्षक ने अभिभावक को पीटा। पुलिस पर आवेदन न लेने और घर जाकर धमकाने का गंभीर आरोप लगा है।
Rohtas News : दिनारा प्रखंड के करौंदी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को मध्यान्ह भोजन नहीं बनने की शिकायत करना एक अभिभावक को भारी पड़ गया. अभिभावक दीपक कुमार ने विद्यालय के सहायक शिक्षक संजय तिवारी पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद शिकायत लेकर नटवार थाना पहुंचे दीपक कुमार ने पुलिस पर आवेदन लेने से इनकार करने का आरोप लगाया. मामले में पीड़ित ने बिक्रमगंज अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर अनुमंडलाधिकारी दिलीप कुमार से शिकायत की, जिसके बाद जांच कमिटी गठित करने का आश्वासन दिया गया.
आपके शहर में
मिड-डे मील की जानकारी लेने पहुंचे थे अभिभावक
दीपक कुमार के अनुसार, वह विद्यालय में मध्यान्ह भोजन नहीं बनने की जानकारी लेने और इसकी शिकायत करने पहुंचे थे. इसी दौरान सहायक शिक्षक संजय तिवारी के साथ उनका विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद के दौरान शिक्षक ने उनके साथ मारपीट की. घटना के बाद दीपक कुमार शिकायत लेकर नटवार थाना पहुंचे.
थाने में आवेदन नहीं लेने का लगाया आरोप
पीड़ित का आरोप है कि नटवार थाना पुलिस ने उनका आवेदन लेने से इनकार कर दिया. पुलिस की ओर से उन्हें शिक्षा विभाग के अधिकारियों के पास जाने की सलाह दी गयी. दीपक कुमार के अनुसार, पुलिस ने कहा कि मामला सरकारी विभाग से संबंधित है और विभाग की अनुमति के बाद ही प्राथमिकी दर्ज की जायेगी.
एसडीओ के सामने रखी शिकायत, जांच का मिला भरोसा
थाने से निराश होकर दीपक कुमार बिक्रमगंज अनुमंडल कार्यालय पहुंचे और एसडीओ दिलीप कुमार के समक्ष अपनी शिकायत रखी. उन्होंने विद्यालय में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था के साथ अन्य कथित अनियमितताओं की भी जांच कराने की मांग की. मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ ने कमिटी गठित कर जांच कराने का आश्वासन दिया.
शिक्षा समिति अध्यक्ष ने भी उठाये सवाल
विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष राहुल कुमार ने भी एसडीओ के समक्ष विद्यालय में अनियमितता होने की बात कही. उन्होंने कहा कि विद्यालय की व्यवस्था और मध्यान्ह भोजन से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच जरूरी है. उन्होंने जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.
शिकायत लेकर एसडीओ के पास पहुंचे, इधर घर पहुंची पुलिस
इधर, जब दीपक कुमार और विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष राहुल कुमार एसडीओ के कार्यालय में शिकायत रख रहे थे, उसी दौरान नटवार थाना पुलिस के दीपक कुमार के घर पहुंचने की बात सामने आयी. दीपक कुमार ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने घर की महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें धमकाया.
एसडीओ ने पुलिस से फोन पर ली जानकारी
मामले की जानकारी मिलने के बाद एसडीओ दिलीप कुमार ने नटवार थाना पुलिस से फोन पर बात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिये. अब मामले में एसडीओ की ओर से गठित जांच कमिटी की रिपोर्ट का इंतजार है. जांच के बाद ही विद्यालय में मध्यान्ह भोजन नहीं बनने, शिक्षक पर मारपीट के आरोप और पुलिस की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए