रोहतास: नासरीगंज के स्कूलों में PTM का आयोजन, ‘खेलो और सीखो’ थीम पर बच्चों के विकास को लेकर बनी रणनीति
शिक्षक अभिभावक गोष्ठी | Prabhat Khabar Network
नासरीगंज के स्कूलों में खेलो और सीखो थीम पर पीटीएम आयोजित की गई, जिसमें बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सर्वांगीण विकास पर शिक्षकों व अभिभावकों ने चर्चा की।
Rohtas News : नासरीगंज प्रखंड व नगर क्षेत्र के सभी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में शनिवार को शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी (PTM) का आयोजन किया गया. अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर इस बार बैठक की थीम ‘खेलो और सीखो’ रखी गयी. इस दौरान बच्चों को खेल-खेल में मनोरंजक एवं व्यावहारिक तरीके से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनके सर्वांगीण विकास को लेकर शिक्षक और अभिभावकों ने चर्चा की.
आपके शहर में
खेल के साथ पढ़ाई पर दिया जोर
बैठक में बच्चों की पढ़ाई के साथ नियमित उपस्थिति और उनकी रुचियों को बढ़ावा देने पर सहमति बनी. शिक्षकों ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनके अंदर अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
हर स्कूल में चुने गये बेस्ट स्टूडेंट और अभिभावक
बीईओ अरविंद कुमार ने बताया कि विभागीय निर्देश के तहत सभी विद्यालयों में PTM आयोजित की गयी. इस दौरान प्रत्येक विद्यालय में बेस्ट स्टूडेंट और बेस्ट अभिभावक का चयन किया गया. सभी विद्यालयों ने चयन की जानकारी बीआरसी कार्यालय को उपलब्ध करा दी है.
हर महीने अलग थीम पर होगी PTM
बीईओ ने बताया कि शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी प्रत्येक महीने अलग-अलग थीम पर आयोजित की जायेगी. इसका उद्देश्य विद्यालय, शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है. बैठक के माध्यम से अभिभावक अपनी समस्याएं और मांगें विद्यालय प्रबंधन के समक्ष रख सकेंगे, ताकि उनका यथासंभव समाधान किया जा सके.
बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर प्रयास
बीईओ अरविंद कुमार ने कहा कि बच्चे खेल के माध्यम से बहुत कुछ सीखते हैं. बेहतर पढ़ाई के लिए खेल भी जरूरी है. खेल से केवल शारीरिक और मानसिक विकास ही नहीं होता, बल्कि बच्चों में बेहतर जीवन के लिए जरूरी कई गुणों का विकास होता है. उन्होंने शिक्षक और अभिभावकों से बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर प्रयास करने की अपील की.
मौके पर उमत रसूल, बिंदु प्रसाद, इंद्रजीत पांडेय, अनिल कुमार, अभिषेक कुमार गौतम, जहांगीर आलम, मोहम्मद जावेद, पूर्णवासी चौधरी, अशोक कुमार, उर्मिला कुमारी, राखी कुमारी, हीरालाल साह, अजय नारायण सिंह समेत कई छात्र, अभिभावक और शिक्षक मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए