रोहतास: शहीद निशांत सिंह पुस्तकालय की बदहाली पर ABVP का प्रदर्शन, DEO को सौंपा 10 सूत्री ज्ञापन
फोटो कैप्शन : जिला शिक्षा पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपते अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता. | Prabhat Khabar Network
सासाराम स्थित शहीद निशांत सिंह पुस्तकालय की बदहाली के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने प्रदर्शन किया। छात्रों को मूलभूत सुविधाएं न मिलने और पुस्तकालय के सौंदर्यीकरण की मांग को लेकर ABVP ने जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) को 10 सूत्री ज्ञापन सौंपा है।
Rohtas News : शहीद निशांत सिंह पुस्तकालय में छात्रों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और पुस्तकालय के सौंदर्यीकरण की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की सासाराम नगर इकाई ने सोमवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) मदन राय को 10 सूत्री ज्ञापन सौंपा. परिषद ने पुस्तकालय की बदहाल व्यवस्था पर चिंता जताते हुए शीघ्र सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की.
शौचालय, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था की उठाई मांग
एबीवीपी के कार्यकर्ता सूरज सिंह ने कहा कि वर्षों से पुस्तकालय के सौंदर्यीकरण की अनदेखी की जा रही है. यहां पढ़ने आने वाले छात्र-छात्राओं को शौचालय और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि पुस्तकालय परिसर में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा और नशाखोरी की घटनाएं होती हैं, जिससे अध्ययन का माहौल प्रभावित हो रहा है.
डीईओ ने निरीक्षण और कार्रवाई का दिया आश्वासन
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पुस्तकालय का जल्द निरीक्षण कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि छात्रों की आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
प्रतियोगी छात्रों को हो रही परेशानी
परिषद के कार्यकर्ता मधुकर दुबे ने कहा कि जिले का यह ऐतिहासिक पुस्तकालय अपनी पहचान खोता जा रहा है. पुस्तकालय में पर्याप्त पुस्तकें और पत्र-पत्रिकाएं उपलब्ध नहीं होने से प्रतियोगी परीक्षाओं और सामान्य अध्ययन की तैयारी करने वाले छात्रों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने पुस्तकालय को नियमित रूप से व्यवस्थित ढंग से संचालित करने की मांग की.
ये रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान एबीवीपी के अभिषेक दुबे, अमर्त्य उपाध्याय समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए