सारण के इस गांव में एक साथ उठे तीन जनाजे, एनएच-722 पर हाइवा की टक्कर में गई थी जान, गांव में पसरा मातम
फारूक अंसारी ( फाइल फोटो )
Chapra Road Accident : भेल्दी थाना क्षेत्र में अनियंत्रित हाइवा ने एक ही परिवार के तीन लोगों और एक साइकिल सवार को कुचल दिया। रविवार रात हुए इस भीषण हादसे ने चार परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
Chapra Road Accident : छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच-722 पर भेल्दी थाना क्षेत्र के सोनहो टोल प्लाजा के पास रविवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया. अनियंत्रित 18-चक्का हाइवा की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों और एक साइकिल सवार की मौत हो गई. सोमवार को तीन शव पैतृक गांव सुल्तानगंज पहुंचे तो एक साथ तीन जनाजे उठे और पूरे गांव में मातम पसर गया.
आपके शहर में
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से गांव में मातम
सोनहो टोल प्लाजा के पास हुए हादसे में सुल्तानगंज निवासी 70 वर्षीय फारूक अंसारी, उनकी 35 वर्षीय पतोहू शाहिदा खातून और 13 वर्षीय पोती संजीदा खातून की मौत हो गई. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
एक साथ तीन जनाजे उठे तो नम हो गईं आंखें
सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव सुल्तानगंज स्थित पैतृक आवास पहुंचे. शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया. एक साथ तीन शवों को देखकर वहां मौजूद ग्रामीणों और रिश्तेदारों की आंखें नम हो गईं. दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में लोग शोक जताने पहुंचे.

इलाज कराने के बाद लौट रहा था परिवार
परिजनों के अनुसार फारूक अंसारी की तबीयत खराब थी. परिवार के लोग उन्हें टोटो से गड़खा स्थित डॉक्टर रजनीकांत के पास इलाज कराने ले गए थे. रविवार रात उपचार के बाद परिवार वापस लौट रहा था. टोटो में कुल पांच लोग सवार थे.
अनियंत्रित 18-चक्का हाइवा ने मारी टक्कर
वापसी के दौरान सोनहो टोल प्लाजा के समीप एक अनियंत्रित 18-चक्का हाइवा ने टोटो और वहां से गुजर रहे एक साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि चार लोगों की मौत हो गई. हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए.

नौवीं कक्षा की मेधावी छात्रा थी संजीदा
हादसे में जान गंवाने वाली 13 वर्षीय संजीदा खातून नंदन कैतुका विद्यालय की नौवीं कक्षा की छात्रा थी. परिजनों के अनुसार वह पढ़ाई में मेधावी थी. मासूम छात्रा की मौत ने परिवार के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी झकझोर दिया.
दो घायलों की हालत नाजुक
हादसे में इब्राहिम अंसारी के तीन वर्षीय पुत्र अर्श राज और एलियास अंसारी के 30 वर्षीय पुत्र दिलशाद आलम गंभीर रूप से घायल हुए हैं. दोनों को बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया. अर्श राज का इलाज पटना के निजी अस्पताल में और दिलशाद आलम का इलाज पीएमसीएच में चल रहा है. दोनों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है.
शव पहुंचते ही परिवार में मचा कोहराम
सोमवार को तीनों शव घर पहुंचते ही मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. फारूक अंसारी की पत्नी शादरा बेगम, पुत्र इब्राहिम अंसारी और जाकिर हुसैन तथा पुत्रियां मदीना खातून, हसीना खातून और शकीला खातून के विलाप से पूरा माहौल गमगीन हो गया.

सुरेश पंडित की मौत से परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
हादसे में सोनहो गांव निवासी दीपक पंडित के पुत्र सुरेश पंडित की भी मौत हो गई. बताया गया कि सुरेश किसी काम से भेल्दी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान वह हादसे की चपेट में आ गए. सुबह शव गांव पहुंचने के बाद उनके घर में भी मातम छा गया.

पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
सुरेश पंडित की मौत की खबर से उनकी पत्नी बिंदु देवी, पुत्र अभय पंडित और पुत्री पुतुल कुमारी सदमे में हैं. शव देखते ही परिजन बेसुध हो गए. पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है. बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

कांग्रेस नेता ने परिजनों से की मुलाकात
घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस के ओबीसी जिला अध्यक्ष हरेश राय ने मृतक के परिजनों से बात की. उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भी पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई.

Also Read : छपरा सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ कैदी, 22 अगस्त को भेजा गया था जेल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए