तरैया बाजार में रोज दोपहर महाजाम, एंबुलेंस और स्कूली वाहन भी फंस रहे
ब्लॉक चौक पर लगा जाम | Prabhat Khabar Network
Saran News : तरैया बाजार में दोपहर होते ही मुख्य सड़कों पर भीषण जाम लग जाता है. एंबुलेंस के घंटों फंसे रहने से मरीजों की जान पर बन आती है. स्कूल बसों के निकलने से समस्या और बढ़ जाती है.
Saran News : तरैया बाजार में प्रतिदिन दोपहर के समय मुख्य सड़कों और थाना-ब्लॉक चौक पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है. इससे आमजन के साथ स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. दोपहर करीब डेढ़ बजे से तीन बजे तक थाना-ब्लॉक चौक पर महाजाम की स्थिति बनी रहती है.
जाम में एंबुलेंस फंसने से बढ़ रही मरीजों की परेशानी
जाम में कई बार एंबुलेंस भी घंटों फंस जाती है. इससे उसमें सवार मरीजों की स्थिति बिगड़ने की आशंका बनी रहती है और मरीजों के परिजन भी परेशान हो जाते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बनी इस समस्या के बावजूद पुलिस प्रशासन और स्थानीय प्रशासनिक पदाधिकारी प्रभावी समाधान की दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठा रहे हैं.
स्कूल बस और छोटे वाहनों से भी बढ़ रहा दबाव
दोपहर में निजी विद्यालयों की छुट्टी के समय स्कूल बसों और छोटे स्कूली वाहनों के सड़क पर निकलने से भी जाम की समस्या बढ़ जाती है. इस दौरान थाना-ब्लॉक चौक पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है.
Also Read : काली मंदिर में चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, साउंड मशीन समेत अन्य सामान बरामद
दो स्टेट हाइवे के मिलन से बढ़ती है परेशानी
तरैया बाजार के थाना-ब्लॉक चौक पर दो स्टेट हाइवे की सड़कें आकर मिलती हैं. शीतलपुर से सीवान जाने वाली स्टेट हाइवे-73 और दिघवारा से सिमरी जाने वाली स्टेट हाइवे-104 तरैया चौक पर एक-दूसरे से जुड़ती हैं. इस कारण चौक पर वाहनों का दबाव बना रहता है और जाम की स्थिति उत्पन्न होती है.
यूपी और गोपालगंज-सीवान जाने वाले वाहनों का भी दबाव
तरैया होकर उत्तर प्रदेश, गोपालगंज और सीवान से बिहार की राजधानी पटना जाने वाले वाहनों के लिए भी यह प्रमुख मार्ग बन गया है. इस वजह से बाजार में लगातार वाहनों की आवाजाही रहती है. दोपहर के समय स्थानीय वाहनों और स्कूली वाहनों का दबाव बढ़ने से स्थिति और गंभीर हो जाती है.
Also Read : 42 बिहार बटालियन NCC कैंप में पहुंचे ग्रुप कमांडर, कैडेटों को अनुशासन और प्रशिक्षण की दी सीख
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए