सारण के तरैया में दर्दनाक हादसा: पानी का मोटर बंद करने गए 7 साल के मासूम की करंट लगने से मौत, परिवार में मचा कोहराम
बिजली की करंट से मासूम बालक की मौत,रोते बिलखते परिजन मासूम बालक शिवम का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
Saran News: सारण जिले के तरैया में एक 7 वर्षीय मासूम शिवम कुमार की बिजली के करंट से दर्दनाक मौत हो गई. वह घर में पानी का मोटर बंद करने गया था. इस घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
Saran News: जिले के तरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत डीह छपिया गांव की दलित बस्ती में मंगलवार को एक हृदयविदारक घटना घटित हुई. संतोष राम का सात वर्षीय पुत्र शिवम कुमार घर में चल रहे पानी के मोटर को बंद करने गया था. स्विच ऑफ करने के दौरान वह अचानक खुले बिजली के तार या उपकरण में प्रवाहित हो रहे जोरदार करंट की चपेट में आ गया. करंट का झटका इतना तीव्र था कि मासूम शिवम की मौके पर ही तड़प-तड़पकर दर्दनाक मौत हो गई.
भाई-बहनों और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल
मासूम की मौत की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. मृतक शिवम अपने दो भाइयों और एक बहन में दूसरे स्थान पर था. उसकी असामयिक मौत से घर का आंगन आंसुओं से भर गया. बड़े भाई के बेजान शरीर को देखकर बड़ी बहन अमृता और छोटा भाई शनि दहाड़ मारकर रोने लगे. मृतक की मां गुड़िया देवी और पिता संतोष राम का रो-रोकर बुरा हाल है, जिन्हें ढांढस बंधाने में ग्रामीण जुटे रहे. पूरे गांव में इस दर्दनाक हादसे के बाद मातम छाया हुआ है.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना प्राप्त होते ही तरैया थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप पुलिस बल और स्थानीय चौकीदार के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शोकाकुल परिजनों से घटना की विस्तृत जानकारी ली और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया गया.
प्राकृतिक आपदा व दुर्घटना राहत की मांग
घटना के संबंध में तरैया थाना पुलिस ने बताया, "डीह छपिया गांव में मोटर बंद करने के दौरान करंट लगने से एक बालक की मौत की सूचना मिली थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है." इधर, स्थानीय ग्रामीणों और प्रबुद्ध लोगों ने शोकाकुल गरीब परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से उचित मुआवजा देने की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए