सारण में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, तेज आंधी में कई टीन के शेड उड़े
Published by : Sakshi kumari Updated At : 29 May 2026 9:08 AM
सुबह सुबह शुरु हुई झमाझम बारिश
Saran Weather: सारण जिले के तरैया प्रखंड में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली. करीब आठ बजे आसमान में काले बादल छा गए और दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया.
Saran Weather: (तरैया से मनोज कुमार, दिघवारा से अमित की रिपोर्ट)
सारण जिले के तरैया प्रखंड में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली. करीब आठ बजे आसमान में काले बादल छा गए और दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया. तेज गरज, आंधी और बारिश के कारण लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली.

दिन में जलानी पड़ी गाड़ियों की लाइट
आसमान में घने बादल छाने के कारण सड़कों पर अंधेरा छा गया. हालात ऐसे हो गए कि वाहन चालकों को दिन में ही गाड़ियों की लाइट जलाकर चलना पड़ा. सड़क किनारे लगी सोलर लाइटें भी दिन में ही जल उठीं, जिससे लोगों में मौसम को लेकर चर्चा शुरू हो गई.

तेज हवा और बारिश से लोगों को मिली राहत
गरज के साथ शुरू हुई आंधी और बारिश ने गर्मी से परेशान लोगों को राहत दी. तेज हवा के कारण कई घरों और दुकानों के टीन के कर्कट उड़ गए. हालांकि बारिश के कारण लोगों को कुछ देर परेशानी भी हुई, लेकिन मौसम में आई ठंडक से लोगों ने राहत महसूस की.

बारिश शुरू होते ही किसानों की बढ़ी उम्मीद
काफी दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरे पर भी खुशी दिखाई दी. किसानों ने कहा कि इस बारिश से खेतों में नमी बढ़ेगी और धान के बिचड़े डालने में सहूलियत होगी. बारिश के बाद किसान खेतों की तैयारी में जुट गए हैं.

तेज हवा थमते ही शुरू हुई झमाझम बारिश
तेज हवा थमने के बाद इलाके में जोरदार बारिश शुरू हो गई. बारिश के चलते मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया. लोगों ने गर्मी और उमस से राहत की सांस ली. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है.

दिघवारा में झमाझम बारिश से गर्मी हुई गायब
सुबह करीब साढ़े सात बजे आसमान में बादल छाने लगे और तेज हवाएं चलनी शुरू हो गईं. इसके बाद आठ बजे से झमाझम बारिश शुरू हो गई. तेज हवा और बारिश के चलते मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया. नगर और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लोगों को गर्मी से राहत मिलती दिखी.

आंधी-पानी से अस्त-व्यस्त हुआ जनजीवन
मूसलाधार बारिश के कारण कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई. तेज बारिश और हवा के चलते जनजीवन प्रभावित होता नजर आया. दुकानदारों और नौकरीपेशा लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
तेज ठनका और बारिश से सहमे बच्चे
बारिश के दौरान तेज ठनका और गर्जना की आवाज से बच्चे काफी भयभीत दिखे. मौसम की प्रतिकूल स्थिति के कारण लोग घरों में दुबके रहे. हर तरफ मौसम के अचानक बदले मिजाज की चर्चा होती रही.
स्कूल बंद रहने से बच्चों को मिली राहत
हालांकि स्कूल बंद रहने के कारण बच्चों को बारिश में बाहर निकलने की परेशानी नहीं हुई. बारिश के बाद चली ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत का एहसास कराया. कई लोग घरों और दुकानों के बाहर खड़े होकर सुहाने मौसम का आनंद लेते दिखाई दिए.
Also Read: saran news : जानें सारण जिले में आज का दर्शन, ओपीडी में कौन होंगे डॉक्टर, शहर में कहां क्या होगा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sakshi kumari
साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










