सारण में खतरे के निशान के पार पहुंची गंगा, गंडक और घाघरा भी उफान पर; कटाव से सहमे ग्रामीण, प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट

Updated:
विज्ञापन

नदी का जलस्तर बढ़ने से शहर के निचले इलाकों में घुसा बाढ़ का पानी| Prabhat Khabar Network

सारण में गंगा नदी ने खतरे के निशान को पार कर लिया है, जबकि गंडक और घाघरा भी उफान पर हैं. जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है और बचाव कार्य की तैयारी तेज कर दी गई है.

विज्ञापन

Saran Flood: देश के पर्वतीय जलग्रहण क्षेत्रों तथा पड़ोसी राज्यों में हो रही भारी बारिश और प्रमुख बैराजों से पानी छोड़े जाने के कारण सारण जिले में नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. जिले में गंगा नदी ने खतरे के निशान को पार कर लिया है, जबकि गंडक और घाघरा (सरयू) नदियां भी उफान पर हैं. जलस्तर में अचानक आई इस तेजी के कारण आधा दर्जन प्रखंडों के तटीय इलाकों में भूमि कटाव शुरू हो गया है, जिससे तटीय व दियारा क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों में भारी भय व्याप्त है.

आपके शहर में

विज्ञापन

दर्जनों गांवों पर मंडराया बाढ़ का खतरा

नदियों के रौद्र रूप को देखते हुए सोनपुर अनुमंडल के सबलपुर दियारा, नयागांव, पहलेजा तथा छपरा सदर प्रखंड के डोरीगंज व कुतुबपुर दियारा सहित दर्जनों गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. कई बस्तियां पानी से घिरने के कगार पर पहुंच चुकी हैं, जबकि रिविलगंज प्रखंड की दलिया रहीमपुर पंचायत और अन्य क्षेत्रों में कृषि योग्य भूमि तेजी से नदी में समा रही है. संभावित विस्थापन को देखते हुए स्थानीय किसान अपने मवेशियों और जरूरी सामान को ऊंचे व सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी में जुट गए हैं.

जिला प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों को सख्त निर्देश

सारण जिला प्रशासन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने छपरा सदर, रिविलगंज, दिघवारा प्रखंड और सोनपुर अनुमंडल के सभी अंचल अधिकारियों (CO), प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO) और अनुमंडल पदाधिकारियों (SDM) को 24 घंटे मुस्तैद रहने का टास्क दिया है. डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि आपदा राहत कोष के तहत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं और जान-माल की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता मिले.

अवैध नाव परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू

प्रशासन ने जलमार्गों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए अवैध एवं अनधिकृत नाव परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि बिना अनुमति या ओवरलोडिंग के साथ नाव चलाने वालों के विरुद्ध तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की बड़ी दुर्घटना या जान-माल की हानि को रोका जा सके. तटबंधों की सतत निगरानी के लिए अभियंताओं की टीमें तैनात कर दी गई हैं.

खतरे के निशान के पार पहुंची गंगा

केंद्रीय जल आयोग और जल संसाधन विभाग के 21 अगस्त 2026 के सुबह 6:00 बजे के आंकड़ों के अनुसार, गंगा नदी गांधी घाट पर खतरे के निशान 48.60 मीटर को पार कर 49.19 मीटर पर बह रही है, जो इसके उच्चतम बाढ़ स्तर (HFL 50.52 मीटर) के करीब पहुंच रहा है. इससे एनएच-19 से सटे प्रखंडों पर दबाव बढ़ गया है. वहीं, घाघरा नदी छपरा में 51.49 मीटर (खतरे का निशान: 53.68 मीटर) और सिसवन में 56.29 मीटर (खतरे का निशान: 57.04 मीटर) पर पहुंच चुकी है. गंडक नदी हाजीपुर में 49.20 मीटर और रेवा घाट पर 53.44 मीटर दर्ज की गई है.

सारण में नदियों के जलस्तर की वर्तमान स्थिति (21 अगस्त 2026):

नदी (स्थान)खतरे का निशान (मीटर)वर्तमान जलस्तर (मीटर)स्थिति
गंगा (गांधी घाट)48.6049.19खतरे के निशान से ऊपर
गंडक (हाजीपुर)50.3249.20खतरे के निशान के करीब
गंडक (रेवा घाट)54.4153.44खतरे के निशान के करीब
सरयू/घाघरा (सिसवन)57.0456.29खतरे के निशान के करीब
घाघरा (छपरा)53.6851.49जलस्तर में वृद्धि जारी
"पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश के कारण जलस्तर में यह वृद्धि देखी जा रही है. यह बढ़ोतरी अभी अगले 10 दिनों तक जारी रह सकती है. हालांकि, विभाग की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है और स्थिति नियंत्रण में है. आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, फिलहाल किसी बड़े नुकसान की आशंका नहीं है."— संतोष प्रभाकर, कार्यपालक अभियंता, बाढ़ प्रमंडल
"नदियों के बढ़ते जलस्तर को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी महोदय के आदेशानुसार अनुमंडल क्षेत्र में सुरक्षा के तमाम पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं. किसी भी परिस्थिति में आम नागरिकों के जान-माल की क्षति नहीं होने दी जाएगी. सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर अलर्ट पर रखा गया है."— नितेश कुमार, एसडीएम, छपरा सदर

Also Read: तिरंगे में लिपटकर पैतृक गांव पहुंचा सेना के जवान का पार्थिव शरीर, नम आंखों से सोनपुरवासियों ने दी अंतिम विदाई


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन