नेपाल में तबाही के बाद सारण में गंडक को लेकर अलर्ट, 10 जगह सामुदायिक किचन और 10 नाव तैयार
गंडक नदी के जलस्तर सामान्य
नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ की तबाही के बाद सारण में गंडक नदी को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है. तरैया प्रखंड प्रशासन ने तटबंध के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है. बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए 10 सामुदायिक किचन और 10 नावों की व्यवस्था कर ली गई है.
नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ से हुई तबाही के बाद सारण में गंडक नदी को लेकर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है. तरैया प्रखंड प्रशासन ने सारण तटबंध के तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को माइकिंग के माध्यम से सतर्क रहने की अपील की है. गुरुवार को बीडीओ विभु विवेक और सीओ अजय कुमार के नेतृत्व में लोगों को बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर जाने और जरूरी सामान व दस्तावेज सुरक्षित रखने की जानकारी दी गयी.
आपके शहर में
डुमरी मुखिया प्रतिनिधि सह तरैया प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह विक्कू ने डुमरी पंचायत के शीतलपुर और हरपुर फरीदन गांवों में सारण तटबंध के आसपास रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की. उन्होंने लोगों से जरूरी सामान और महत्वपूर्ण कागजात सुरक्षित स्थान पर रखने तथा पहले से सुरक्षित जगह चिह्नित करने को कहा.
माधोपुर पंचायत में भी कराया गया प्रचार-प्रसार
माधोपुर मुखिया सह जदयू नेता सुशील सिंह ने अपनी ओर से टोटो के माध्यम से ध्वनि विस्तारक यंत्र से पंचायत के सगुनी, शामपुर, राजवारा, अरदेवा और बनिया हसनपुर गांवों में लोगों को जागरूक किया. उन्होंने लोगों से सुरक्षित और ऊंचे स्थानों को पहले से चिह्नित करने की अपील की.
सुशील सिंह ने कहा कि गंडक नदी में उफान और बाढ़ की स्थिति में माधोपुर पंचायत को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है. ऐसे में पंचायत के लोगों को अपने जरूरी सामान और कागजात सुरक्षित रखने के साथ सतर्क रहने की जरूरत है.

डीसीएलआर, बीडीओ और प्रमुख प्रतिनिधि ने किया निरीक्षण
डीसीएलआर मढ़ौरा धनंजय त्रिपाठी, बीडीओ विभु विवेक और तरैया प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह विक्कू ने गुरुवार को गंडक नदी और सारण तटबंध का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने तटबंध की स्थिति का जायजा लेने के साथ बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने की तैयारियों पर चर्चा की.
इस दौरान सामुदायिक किचन और तत्काल नाव की व्यवस्था को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया. बाढ़ की स्थिति में सामुदायिक किचन संचालन के लिए सगुनी मध्य विद्यालय, अरदेवा बांध, शीतलपुर, माधोपुर बड़ा, हसनपुर बांध, भलुआ बाजार समेत 10 स्थानों का चयन किया गया है. इसके अलावा तत्काल 10 नावों की व्यवस्था की गयी है.
बीडीओ विभु विवेक ने कहा कि संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पहले से तैयारी कर ली है. सारण तटबंध की सुरक्षा के साथ लोगों को बाढ़ से बचाने और राहत कार्यों के लिए आवश्यक इंतजाम किये जा रहे हैं.
विधायक जनक सिंह ने भी लिया तटबंध का जायजा
बिहार विधानसभा की याचिका समिति के सभापति सह तरैया विधायक जनक सिंह ने भी गुरुवार को सारण तटबंध का निरीक्षण किया. उन्होंने कहा कि सारण तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है और प्रशासन के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं.
विधायक ने कहा कि नेपाल में हुई तबाही के बाद गंडक नदी को लेकर सतर्कता जरूरी है. संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए बिहार सरकार और प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं. उन्होंने लोगों से भी अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की.
इसे भी पढ़ें: "हिरासत" के दावों पर मचा बवाल! जानिए पटना BPSC प्रदर्शन में छाए 6 साल के आदित्य की पूरी कहानी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए