सारण: सांढा ढाला फ्लाइओवर के नीचे जर्जर बाउंड्रीवाल दे रही हादसे को न्योता, राहगीरों में डर

विज्ञापन

जर्जर होकर टेढ़ी हुई दीवार

सारण के सांढा ढाला फ्लाइओवर के नीचे जर्जर बाउंड्रीवाल लगातार हादसों को न्योता दे रही है. पहली बारिश में ही इसका बड़ा हिस्सा ढह गया था, लेकिन प्रशासन अभी तक हरकत में नहीं आया है. प्रमुख मोड़ पर स्थित यह दीवार लोहे की नुकीली छड़ों के साथ खतरनाक स्थिति में है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

विज्ञापन

Saran News: शहर के सांढा ढाला फ्लाइओवर के नीचे बनी बाउंड्रीवाल जर्जर होकर हादसे को न्योता दे रही है. ईदगाह के ठीक सामने स्थित प्रमुख मोड़ पर पुल के पायों के समीप बनी यह दीवार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है. स्थानीय प्रशासन की अनदेखी के कारण दीवार का बचा हुआ हिस्सा भी टेढ़ा होकर खतरनाक स्थिति में खड़ा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

पहली बारिश में ढह गया था दीवार का बड़ा हिस्सा

इस सीजन की पहली बारिश के दौरान ही बाउंड्रीवाल का एक बड़ा हिस्सा ढह गया था. इसके बाद से बाकी बचा हिस्सा भी लगातार दुर्घटना का खतरा बना हुआ है. घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद संबंधित विभाग या प्रशासन की ओर से इसकी मरम्मत नहीं करायी गयी है.

प्रमुख मोड़ होने से बढ़ा हादसे का खतरा

जहां बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त है, वह शहर का प्रमुख घुमाव है. इस रास्ते से सुबह से रात करीब आठ बजे तक बस स्टैंड की ओर जाने वाली बसें, ऑटो-टेंपो और बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं. ऐसे में सड़क के किनारे झुकी जर्जर दीवार कभी भी वाहन या राहगीरों पर गिर सकती है.

लोहे की नुकीली छड़ों से भी खतरा

बाउंड्रीवाल में लगी लोहे की नुकीली छड़ों को असामाजिक तत्व काटकर निकाल ले गये हैं. इसके कारण सड़क के आसपास निकले लोहे के हिस्सों से वाहन चालकों के टायर फटने और पैदल राहगीरों के घायल होने का खतरा बना हुआ है. स्थानीय लोगों के अनुसार यहां अक्सर वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.

मरम्मत नहीं हुई तो हो सकता है बड़ा हादसा

रोजाना इस रास्ते से गुजरने वाले यात्रियों और वाहन चालकों में जर्जर दीवार को लेकर डर और रोष है. लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग को जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त दीवार की मरम्मत करानी चाहिए. समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यहां कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन