सारण में विशेष अभियान के दौरान 33 गिरफ्तार, 300 लीटर से अधिक शराब बरामद
AI से बनाई गई तस्वीर
सारण पुलिस ने अपराध पर अंकुश लगाने के लिए एक बड़ा अभियान चलाया है. इस अभियान के तहत 33 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें वारंटी, शराब कारोबारी और अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त लोग शामिल हैं. पुलिस ने 300 लीटर से अधिक अवैध शराब, हजारों रुपये नकद और एक अपहृता को भी बरामद किया है.
Saran News : सारण पुलिस ने अपराध नियंत्रण और अवैध शराब के खिलाफ चलाये गये विशेष अभियान में 33 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार के निर्देश पर जिलेभर में चलाये गये अभियान के दौरान वारंटी, शराब कारोबार, शराब सेवन, हत्या के प्रयास, जुआ और अपहरण के मामलों में कार्रवाई की गयी. पुलिस ने इस दौरान 300.28 लीटर अवैध शराब, एक मोटरसाइकिल, ताश की गड्डियां, 10,020 रुपये नकद और एक अपहृता को बरामद किया.
13 वारंटी समेत 33 अभियुक्त गिरफ्तार
पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किये गये 33 अभियुक्तों में 13 वारंटी, सात शराब कारोबारी, पांच शराब सेवन के आरोपित, हत्या के प्रयास के चार आरोपित, बंगाल जुआ अधिनियम के तीन आरोपित और अपहरण के एक आरोपित शामिल हैं.
300 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद
शराब के खिलाफ चलाये गये अभियान में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 300.28 लीटर अवैध शराब बरामद की गयी. इसमें 279.1 लीटर देशी शराब और 21.180 लीटर विदेशी शराब शामिल है. पुलिस ने शराब के निर्माण और बिक्री से जुड़ी गतिविधियों के खिलाफ भी कार्रवाई की.
जुआ के दौरान नकद और ताश की गड्डियां बरामद
अभियान के दौरान जुआ के खिलाफ भी कार्रवाई की गयी. पुलिस ने जुआ से संबंधित मामलों में दो सेट ताश की गड्डियां और 10,020 रुपये नकद बरामद किये. इसके अलावा एक मोटरसाइकिल और एक अपहृता को भी बरामद किया गया.
वाहन जांच में 44,200 रुपये जुर्माना वसूला
अपराध नियंत्रण के साथ यातायात सुरक्षा को लेकर जिले में वाहन जांच अभियान भी चलाया गया. जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 27 वाहनों से कुल 44,200 रुपये जुर्माना वसूला गया.
अपराधियों और शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार असामाजिक तत्वों, अपराधियों और शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा. पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण के साथ अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में कार्रवाई आगे भी जारी रखी जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए