नगरा में कई वर्षों बाद सजा कंजुल ईमान जलसे का मंच, 97 बच्चों की हुई दस्तारबंदी

Updated:
विज्ञापन

जालसा में मौजूद लोग

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

नगरा में कई वर्षों बाद कंजुल ईमान जलसे का आयोजन हुआ, जिसमें 97 बच्चों की दस्तारबंदी की गई. देशभर के उलेमाओं ने अमन-भाईचारे का संदेश दिया.

विज्ञापन

Nagra Kanjul Iman Jalsa : नगरा प्रखंड क्षेत्र के नगरा स्थित मदरसा दारुलउलूम रहमानिया तेगिया में कई वर्षों के लंबे अंतराल के बाद कंजुल ईमान जलसे का दो दिवसीय भव्य आयोजन किया गया. लंबे समय बाद आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के अकीदतमंदों में खासा उत्साह रहा. जलसे में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से उलेमा-ए-कराम, इस्लामी विद्वान, शायरे इस्लाम और बड़ी संख्या में अकीदतमंद पहुंचे. आयोजन में भारी भीड़ के कारण मदरसा परिसर और आसपास का इलाका धार्मिक माहौल में सराबोर रहा.

विज्ञापन

दीनी तालीम और अच्छे अखलाक पर जोर

आयोजनकर्ता मुफ्ती अब्दुल हलीम साहब ने बताया कि कई वर्षों के बाद कंजुल ईमान जलसे का आयोजन किया गया है. इसका मुख्य उद्देश्य लोगों तक दीनी तालीम, इस्लामी शिक्षा और धार्मिक संदेश पहुंचाना तथा नई पीढ़ी को इल्म और अच्छे अखलाक की राह पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है. उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़े-बड़े उलेमा-ए-कराम और धार्मिक विद्वानों को आमंत्रित किया गया था. अकीदतमंदों की भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया.

देशभर के उलेमा और वक्ताओं ने की शिरकत

दो दिवसीय जलसे में मुफ्ती असगर साहब, मुफ्ती अकमल साहब, मुफ्ती शबीह साहब, मौलाना अबुल कलाम, हुजूर गुलजार मिल्लत, मुफ्ती शहरयार, मुफ्ती शमशाद साहब, मुफ्ती सुल्तान साहब, मुफ्ती मुसव्विर रजा, मुफ्ती हसन रजा, शायरे इस्लाम असद इकबाल, अरशद इकबाल, राशिद मरकजी, शाहबाज रजा नूरी, अख्तर काशिफ, मौलाना नेसर अहमद और महबूब गौहर सहित कई प्रमुख उलेमा एवं वक्ताओं ने हिस्सा लिया.

इस दौरान धार्मिक तकरीर, नातिया कलाम और इस्लामी शिक्षा के माध्यम से लोगों को नेक रास्ते पर चलने, अच्छे अखलाक अपनाने, इंसानियत की सेवा करने और आपसी भाईचारा कायम रखने का संदेश दिया गया. वक्ताओं ने समाज में अमन-शांति बनाए रखने पर भी जोर दिया.

97 बच्चों की हुई दस्तारबंदी

जलसे का मुख्य आकर्षण मदरसे में दीनी तालीम हासिल कर रहे 97 बच्चों की दस्तारबंदी का कार्यक्रम रहा. इस अवसर पर विधिवत रूप से बच्चों के सिर पर दस्तार सजाई गयी. दस्तारबंदी के दौरान बच्चों के चेहरे पर खुशी और अभिभावकों में गर्व का भाव देखने को मिला.

उलेमा-ए-कराम ने बच्चों को दीनी तालीम के साथ अच्छे अखलाक, इंसानियत, अनुशासन और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने की सीख दी. साथ ही उन्हें आगे भी इल्म हासिल करने और बेहतर इंसान बनने के लिए प्रेरित किया.

आयोजकों ने जताया आभार

आयोजनकर्ता मुफ्ती अब्दुल हलीम साहब ने जलसे में पहुंचे तमाम उलेमा-ए-कराम, मेहमानों और अकीदतमंदों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले मदरसा प्रबंधन, आयोजन समिति, स्थानीय लोगों और स्वयंसेवकों की सराहना की. साथ ही अरकाने कमेटी नगरा के प्रति भी धन्यवाद व्यक्त किया. कई वर्षों बाद हुए इस आयोजन की नगरा सहित आसपास के क्षेत्रों में विशेष चर्चा रही.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन