सारण: पीएम सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बैठक, योजना की सब्सिडी की दी गई जानकारी

बैठक में शामिल अधिकारी व जनप्रतिनिधि | Prabhat Khabar Network
मढ़ौरा प्रखंड में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु बैठक आयोजित हुई. योजना की सब्सिडी, पात्रता और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई. जनप्रतिनिधियों से जागरूकता बढ़ाने की अपील की गई.
Saran News : मढ़ौरा प्रखंड सभागार में शनिवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बैठक आयोजित की गई. प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक कुमार प्रभाकर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रखंड के सभी पंचायतों के मुखिया और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया. बैठक का उद्देश्य योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और ग्रामीण स्तर पर इसके प्रति जागरूकता बढ़ाना था.
योजना की सब्सिडी और पात्रता की दी जानकारी
बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने योजना की विशेषताओं और सरकार द्वारा दी जाने वाली सब्सिडी की जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि एक किलोवाट सोलर संयंत्र पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जाएगी. उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं का मासिक बिजली उपभोग 125 यूनिट से अधिक है, वे इस योजना का लाभ लेने के पात्र हैं.
ऑनलाइन आवेदन की होगी सुविधा
अधिकारियों ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को किसी सरकारी कार्यालय का चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है. इच्छुक लोग प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन स्वीकृत होने के बाद अधिकृत वेंडर उपभोक्ता के घर पहुंचकर सोलर पैनल स्थापित करेंगे.
ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
मढ़ौरा शहरी के कनीय विद्युत अभियंता राजू कुमार सोनी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें. उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को योजना की जानकारी देने और आवेदन के लिए प्रेरित करने की अपील की.
बैठक में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में नौतन पंचायत के मुखिया मिथिलेश सिंह, अवारी पंचायत के मुखिया हरेश्वर पासवान, गौरा पंचायत के मुखिया राजेश प्रसाद सहित प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि और विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










