जन्माष्टमी को लेकर छपरा में जोर-शोर से तैयारियां, मंदिरों में होगी विशेष पूजा-अर्चना
द्वारिकाधीश मंदिर नैनी
कृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार जिले में धूमधाम से मनाया जा रहा है. मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी और घरों में झाँकी सजाई जाएगी. बच्चों के राधा-कृष्ण के रूप में सजने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा.
Krishna Janmashtami: कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर जिले में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गयी हैं. चार अगस्त को जिले के विभिन्न मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण की विशेष पूजा-अर्चना और आरती की जायेगी. जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों के साथ-साथ घरों और शिक्षण संस्थानों में भी तैयारियां चल रही हैं. बाजारों में भी भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी सामग्री की खरीदारी को लेकर रौनक बढ़ गयी है.
आपके शहर में
द्वारिकाधीश मंदिर में होगी विशेष आरती
नैनी स्थित द्वारिकाधीश मंदिर में जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की विशेष आरती का आयोजन किया जायेगा. जन्माष्टमी के दिन सुबह से ही यहां श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगती है. आसपास के गांवों के अलावा जिले के अलग-अलग प्रखंडों से भी श्रद्धालु भगवान द्वारिकाधीश के दर्शन के लिए पहुंचते हैं.
आरपीएफ बैरक में तैयार हो रही कृष्ण लीलाओं की झांकी
छपरा रेलवे जंक्शन के समीप स्थित आरपीएफ बैरक में भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं पर आधारित झांकी तैयार की जा रही है. जन्माष्टमी के अवसर पर इस झांकी को देखने के लिए रेलवे कॉलोनी समेत आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है.
शहर के मंदिरों में भी होगी विशेष पूजा-अर्चना
शहर के मारुति मानस मंदिर, नारायण चौक देवी मंदिर, धर्मनाथ मंदिर समेत अन्य मंदिरों में जन्माष्टमी के दिन विशेष पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन किया जायेगा. वहीं, घरों में भी लोगों ने राधा-कृष्ण की झांकी सजाने की तैयारी शुरू कर दी है.
राधा-कृष्ण के रूप में नजर आयेंगे बच्चे
जन्माष्टमी को लेकर छोटे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है. कई शिक्षण संस्थानों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. इन कार्यक्रमों में बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और राधा का स्वरूप धारण कर प्रस्तुति देंगे. कई प्रमुख संस्थानों की ओर से रूप सज्जा प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जायेगा. संगीत विद्यालयों में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे.
बाजार में बढ़ी बाल कृष्ण के परिधानों की मांग
जन्माष्टमी को लेकर शहर के बाजारों में भी रौनक बढ़ गयी है. दुकानों पर भगवान कृष्ण के बाल परिधान खरीदने के लिए लोग पहुंच रहे हैं. झांकी सजाने के सामान के साथ पालकी और झूले की भी खूब बिक्री हो रही है. जन्माष्टमी को लेकर बाजार में धार्मिक सामग्री और बच्चों के परिधानों की मांग बढ़ गयी है
इसे भी पढ़ें: ‘झंडू कुमार’ को कभी नाम पर मिले ताने, मेडल जीते तो हुआ भव्य स्वागत, पीएम मोदी की भी मिली बधाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए