ePaper

कचहरी स्टेशन के जर्जर रेलवे क्वार्टर बने अपराधियों के लिए सेफ जोन, लगातार बढ़ रही वारदातें

Updated at : 06 Feb 2026 9:44 PM (IST)
विज्ञापन
कचहरी स्टेशन के जर्जर रेलवे क्वार्टर बने अपराधियों के लिए सेफ जोन, लगातार बढ़ रही वारदातें

कचहरी स्टेशन के उत्तर दिशा में स्थित पुराने और जर्जर रेलवे क्वार्टर लंबे समय से असामाजिक तत्वों और अपराधियों का सुरक्षित ठिकाना बने हुए हैं.

विज्ञापन

छपरा. कचहरी स्टेशन के उत्तर दिशा में स्थित पुराने और जर्जर रेलवे क्वार्टर लंबे समय से असामाजिक तत्वों और अपराधियों का सुरक्षित ठिकाना बने हुए हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां अपराधियों का जमावड़ा कोई नयी बात नहीं है. आये दिन इस इलाके में हत्या, छिनतई, लूटपाट और चाकूबाजी जैसी घटनाएं घटित होती रहती हैं, जिससे आसपास के मोहल्लों में दहशत का माहौल बना रहता है. हाल के दिनों में कई गंभीर घटनाएं सामने आयी हैं. 27 जनवरी को विकास तिवारी की अपराधियों द्वारा लूट के क्रम में गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. वहीं एक दशक पहले कुख्यात अपराधी अभिषेक शर्मा उर्फ नेपाली की हत्या कर उसका शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया था. दानापुर से परीक्षा देने आए मढ़ौरा के एक छात्र की भी चाकू मारकर हत्या कर दी गयी थी. इसके अलावा, जगदम कॉलेज जा रही एक छात्रा से मोबाइल छीनने के दौरान अपराधियों ने उसे भी चाकू मारकर हत्या कर दी थी. रेलवे प्रशासन ने इन क्वार्टरों को खाली कराया है, लेकिन अब तक इन्हें पूरी तरह परित्यक्त या ध्वस्त नहीं किया गया है. इसी कारण यह जगह अपराधियों और नशेड़ी तत्वों के लिए सुरक्षित ठिकाना बन गयी है. सुनसान और जर्जर भवन अपराधियों के लिए छिपने का सेफ जोन बन गये हैं.

नियमित गश्ती नहीं होने से बढ़ी अपराधियों की सक्रियता

मोहल्लेवासियों ने बताया कि यह इलाका शाम के बाद बिल्कुल सुनसान हो जाता है और लोगों का आवागमन बंद हो जाता है. इसके कारण अपराधी यहां नशा करते हैं और अपराध की योजना बनाकर घटनाओं को अंजाम देते हैं. नियमित गश्ती वाहन भी यहां नहीं जाते, जिससे यह क्षेत्र अपराधियों के लिए सुरक्षित जोन बन गया है.

रेलवे फुट ओवरब्रिज भी नहीं सुरक्षित

रेलवे फुट ओवरब्रिज पर भी सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध नहीं हैं. लोग चोरी और छिनतई के डर से फुट ओवरब्रिज का इस्तेमाल नहीं करते और रेलवे लाइन पार कर ही शहर के दूसरे मोहल्लों की ओर जाते हैं. असामाजिक तत्व और चोर इसका फायदा उठाकर वारदात करते हैं. पुराने सांढा ढाला के आसपास भी चोरी और छिनतई की घटनाएं बढ़ गयी हैं. ऊपरगामी पुल की सीढ़ी पर भी अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है.

क्या कहते हैं एएसपी

कचहरी स्टेशन के आसपास सुनसान इलाकों में नियमित रूप से पुलिस गश्ती हो रही है. असामाजिक तत्वों के जमावड़े की सूचना पर पुलिस त्वरित कार्रवाई करती है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं.राम पुकार सिंह, एएसपी, सारण

विज्ञापन
ALOK KUMAR

लेखक के बारे में

By ALOK KUMAR

ALOK KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन