गंगा में उफान से दिघवारा-शेरपुर सिक्सलेन पुल का निर्माण ठप, अकिलपुर से ग्रामीणों का पलायन शुरू; सीओ ने लिया जायजा
दिघवारा शेरपुर सिक्सलेन सड़क पुल निर्माण के रास्ते पर चढ़ा बाढ़ का पानी
Ganga Water Level: दिघवारा में गंगा के बढ़ते जलस्तर ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. सिक्सलेन पुल निर्माण का काम ठप पड़ गया है, वहीं बाढ़ का पानी खेतों में घुसने से किसानों की मक्का और सब्जी की फसलें बर्बाद हो गई हैं. इससे सैकड़ों किसानों के चेहरे पर मायूसी छा गई है.
Ganga Water Level: दिघवारा में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. ऐसे में आमी से लेकर रामदासचक तक गंगा से सटे क्षेत्रों में बाढ़ के पानी का दबाव लगातार बढ़ रहा है. राईपट्टी, चकनूर समेत कई निचले इलाकों में बाढ़ का पानी खेतों में प्रवेश कर गया है, जिससे मक्का व सब्जियों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है. इससे सैकड़ों किसानों के चेहरे पर मायूसी है. परवल, कद्दू, नेनुआ, भिंडी आदि सब्जियों की फसल को भी काफी नुकसान हुआ है. ऐसे में आने वाले दिनों में सब्जियों के दाम में वृद्धि होने के आसार हैं.
आपके शहर में
दिघवारा-शेरपुर सिक्सलेन पुल निर्माण की गति हुई धीमी
गंगा में बढ़े जलस्तर के बीच दिघवारा से शेरपुर के बीच गंगा नदी पर बन रहे सिक्सलेन सड़क पुल का कामकाज भी तेजी से प्रभावित हुआ है. पुल निर्माण के रास्ते में बाढ़ का पानी प्रवेश कर जाने से काम की रफ्तार पर प्रतिकूल असर पड़ा है. कर्मी एक जगह से दूसरी जगह नहीं जा पा रहे हैं. रास्ते पर बाढ़ का पानी चढ़ जाने से सामान लदे वाहन भी आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं. ऐसे में मटेरियल आने का काम बंद कर दिया गया है.

जेसीबी और क्रेन समेत मशीनों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए कैंप में लगी जेसीबी, क्रेन समेत सैकड़ों मशीनों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है, ताकि नुकसान कम हो. जिन जगहों पर मटेरियल भंडारित है, वहीं पर कामकाज चल रहा है. बाढ़ का पानी बेस कैंप के चारों तरफ फैल रहा है, जिससे आने वाले समय में निर्माण कार्य के ठप पड़ने की आशंका है. कंपनी में काम करने वाले कर्मियों में से अधिकांश को बाढ़ की स्थिति के बीच छुट्टी दे दी गई है.
राईपट्टी और चकनूर के निचले इलाकों में तेजी से फैल रहा पानी
बाढ़ का पानी नगर पंचायत के राईपट्टी और चकनूर के निचले इलाकों में तेजी से फैल रहा है. पुराना थाना मस्जिद के सामने पानी का फैलाव भी तेजी से बढ़ रहा है. गंगा पार के अकिलपुर पंचायत के लोग भी गंगा में बढ़ रहे जलस्तर को देखकर अभी से पलायन करने लगे हैं.

जलस्तर बढ़ा तो गांवों में प्रवेश कर सकता है पानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर गंगा में जलस्तर की बढ़ोतरी इसी तरह जारी रही तो आने वाले समय में पंचायत के गांवों में गंगा का पानी प्रवेश कर जाएगा. उधर, बाढ़ की आशंका के बीच दोनों ओर से गंगा से घिरे इस पंचायत के लोगों की परेशानी बढ़ गई है. जलस्तर में वृद्धि होने से किसानों की आमदनी भी कम हुई है. कई जगहों पर फसल जलमग्न हो गई है.
सब्जियां मंडी तक पहुंचाने में किसानों को परेशानी
पंचायत से दिघवारा की सब्जी आढ़तों तक सब्जियों को लाने में किसानों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है. वहीं, किसान औने-पौने दाम पर सब्जियों को बेचने को विवश हैं.
क्या कहते हैं सीओ
गंगा के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. क्षेत्र के सभी तटबंध सुरक्षित हैं और जलस्तर में वृद्धि पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है. जिन निचले इलाकों में पानी प्रवेश किया है, वहां का जायजा लिया गया है. अभी खतरे वाली कोई स्थिति नहीं है.
मिट्ठू प्रसाद, सीओ, दिघवारा
इसे भी पढ़ें:भोजपुर के नए SP अवधेश दीक्षित क्यों हैं चर्चा में? जानिए IPS काम्या मिश्रा से उनकी खास प्रेम कहानी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए