सारण: सीताब दियारा में रिंग बांध पर पानी का दबाव, 8 हजार बालू भरे बोरे तैयार;संवेदनशील इलाकों पर प्रशासन की नजर
नोट: फोटो नंबर 4 सीएचपी 12 है कैप्सन होगा- रिंग बांध को किया गया मरम्मत | Prabhat Khabar Network
सीताब दियारा के रामेश्वर टोला स्थित रिंग बांध का अधिकारियों ने निरीक्षण किया. पानी का दबाव बरकरार है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है. संभावित खतरे से निपटने के लिए 8 हजार बालू भरे बोरे तैयार रखे गए हैं.
Saran News : बाढ़ की संभावित स्थिति और बचाव तैयारियों को लेकर शुक्रवार को रिविलगंज प्रखंड के सीताब दियारा स्थित रामेश्वर टोला के रिंग बांध का अधिकारियों ने निरीक्षण किया. जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर किए गए निरीक्षण में अधिकारियों ने जलस्तर, बांध पर पानी के दबाव और सुरक्षात्मक तैयारियों का जायजा लिया. प्रशासन ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए निगरानी जारी है.
आपके शहर में
रिंग बांध पर पानी का दबाव, स्थिति नियंत्रण में
अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी और रिविलगंज अंचलाधिकारी ने रिंग बांध की स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान गंगा फ्लड डिवीजन, छपरा के सहायक अभियंता धर्मेंद्र कुमार, मुखिया प्रतिनिधि मनोकामना सिंह समेत स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे.
अधिकारियों ने बांध पर पानी के दबाव और जलस्तर की स्थिति की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों से ली. निरीक्षण के दौरान रिंग बांध पर पानी का दबाव पाया गया, हालांकि वर्तमान स्थिति नियंत्रण में बतायी गयी.
8 हजार बालू भरे बोरे का स्टॉक तैयार
किसी भी संभावित स्थिति से तत्काल निपटने के लिए रिंग बांध पर करीब 8,000 बालू भरे बोरे का पर्याप्त स्टॉक तैयार पाया गया. आवश्यकता पड़ने पर इन बोरों का इस्तेमाल बांध की सुरक्षा और सुरक्षात्मक कार्यों में किया जा सकेगा.
रिंग बांध रामेश्वर टोला, सीताब दियारा और उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बड़का सुफल टोला के बीच स्थित है. प्रशासन और गंगा फ्लड डिवीजन की टीम जलस्तर और बांध की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है.
स्वास्थ्य केंद्र में दवाओं का पर्याप्त स्टॉक
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दियारा अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी जायजा लिया. यहां सभी चिकित्सक और सहयोगी स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित पाए गए. स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन सामान्य रूप से होता मिला.
स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक भी उपलब्ध पाया गया. परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक रही. अधिकारियों ने स्वास्थ्यकर्मियों को बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए मरीजों को जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और आपात स्थिति के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया.
संवेदनशील इलाकों पर प्रशासन की नजर
जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में जल संसाधन, स्वास्थ्य, राहत और बचाव समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है. अधिकारियों के अनुसार संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन और संबंधित विभाग पूरी तरह सतर्क हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए