छपरा नगर निगम की ऐतिहासिक बैठक आज, 415 करोड़ के महाबजट पर लगेगी मुहर, होगा बड़ा फैसला
नगर निगम की बैठक आज
Chapra Municipal Corporation : छपरा नगर निगम बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक में निगम क्षेत्र की विकास योजनाओं का बड़ा खाका तैयार किया जायेगा. इस बैठक में करीब 415 करोड़ रुपये के महाबजट को मंजूरी मिलने की संभावना है.
Chapra Municipal Corporation : सारण जिला मुख्यालय के लिए 27 मई 2026 का दिन बेहद खास होने जा रहा है. छपरा नगर निगम बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक में निगम क्षेत्र की विकास योजनाओं का बड़ा खाका तैयार किया जायेगा. इस बैठक में करीब 415 करोड़ रुपये के महाबजट को मंजूरी मिलने की संभावना है. बैठक को लेकर मंगलवार को जिला प्रशासन और नगर निगम स्तर पर तैयारियां तेज रहीं.
आपके शहर में
सांसद राजीव प्रताप रूडी की मौजूदगी से बढ़ी अहमियत
बैठक में सांसद राजीव प्रताप रूडी विशेष रूप से शामिल होंगे. उनके आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है. प्रशासनिक स्तर पर किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गयी है.
नौ बड़े एजेंडों पर होगी अहम चर्चा
नगर निगम बोर्ड की बैठक में विकास से जुड़े नौ महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की जायेगी. इनमें हाइमास्ट लाइट के विद्युत खर्च की स्वीकृति, सभी लोक मार्गों को नगर निगम की अधिकारिता में लाने के लिए विभागीय पत्राचार, श्यामचक चौक और ब्रह्मपुर मोड़ समेत विभिन्न चौक-चौराहों के सौंदर्यकरण जैसे मुद्दे शामिल हैं.
शौचालय, वाशिंग पिट और बाउंड्री वॉल पर भी बनेगी योजना
बैठक में निगम क्षेत्र के सुलभ शौचालयों की ओपन टेंडर से बंदोबस्ती, निगम वाहनों के रखरखाव के लिए वाशिंग पिट निर्माण, निगम परिसर में बाउंड्री वॉल निर्माण और आगामी परियोजनाओं के लिए राष्ट्रीय स्तर की एजेंसी से डीपीआर तैयार कराने पर भी विचार किया जायेगा.
सड़क और ड्रेनेज निर्माण पर खर्च होंगे सबसे ज्यादा रुपये
प्रस्तावित बजट में सड़क और ड्रेनेज निर्माण पर सबसे अधिक 60.90 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है. इसके अलावा संसाधन रखरखाव पर 68.42 करोड़, पूंजीगत अनुदान योजना में 62.37 करोड़ और वेतन एवं मजदूरी पर 48.89 करोड़ रुपये खर्च किये जाने की योजना बनायी गयी है.
शहर में ग्रीन पार्क से लेकर वाटर एटीएम तक की तैयारी
नगर निगम की विभिन्न योजनाओं के तहत आवास योजना, भवन निर्माण, वेंडिंग जोन, ग्रीन टॉयलेट, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, जल जीवन हरियाली योजना, पुस्तकालय निर्माण, नगर सौंदर्यकरण, वाटर एटीएम, ग्रीन पार्क, सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था और मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण जैसी योजनाओं पर भी राशि खर्च की जायेगी.
महापौर बोले- विकास की आधुनिक रूपरेखा होगी तैयार
महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने कहा कि बोर्ड बैठक को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. केवल प्रशासनिक दृष्टिकोण से बैठक का स्थान बदलकर डीआरडीए सभागार किया गया है. उन्होंने कहा कि बजट और नौ प्रमुख प्रस्तावों के पास होने के बाद छपरा नगर निगम क्षेत्र के विकास की एक मजबूत और आधुनिक रूपरेखा तैयार हो जायेगी.
Also Read: छपरा में बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए