छपरा में 11 महीने बाद भी अधूरी सड़क-ड्रेनेज, दशहरा के प्रोसेशन रूट पर संकट

Updated:
विज्ञापन

किचड़ के बीच जाते लोग

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

नगर निगम क्षेत्र में निर्माण कार्य की धीमी गति लोगों की परेशानी बढ़ा रही है. 11 महीने पहले शुरू हुई कई योजनाएं अधूरी हैं, जिससे आवागमन बाधित है. दशहरा के प्रमुख जुलूस मार्ग पर भी काम अटका है, जिससे स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है.

विज्ञापन

Chapra Road Construction: नगर निगम क्षेत्र में निर्माण कार्य की धीमी गति और लापरवाही से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है. शहर के विभिन्न हिस्सों में करीब 11 महीने पहले शुरू हुई कई योजनाएं अब तक पूरी नहीं हो सकी हैं. आधे-अधूरे निर्माण के कारण लोगों का आवागमन बाधित है. बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है. शहर के प्रमुख प्रोसेशन रूट में शामिल दौलतगंज से गुदरी चौक तक की सड़क इसका उदाहरण है.

विज्ञापन

दौलतगंज अन्नपूर्णा मंदिर से गुदरी चौक तक सड़क और ड्रेनेज निर्माण का काम नवंबर 2025 में शुरू हुआ था. करीब 600 मीटर लंबी सड़क और नाले का निर्माण 180 दिनों में पूरा किया जाना था, लेकिन निर्धारित अवधि के बाद भी काम पूरा नहीं हो सका है. वर्तमान स्थिति यह है कि सड़क का बड़ा हिस्सा निर्माण के कारण बाधित है और जगह-जगह गिट्टी के ढेर लगे हैं.

एक महीने से सड़क पर गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया काम

दौलतगंज अन्नपूर्णा मंदिर से टक्कर मोड़ तक सड़क को निर्माण के कारण पूरी तरह बाधित कर दिया गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब एक महीने से अधिक समय से यहां निर्माण कार्य ठप पड़ा है. सड़क पर गिट्टी के बड़े-बड़े ढेर लगा दिये गये हैं, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है.

गुदरी चौक पर नाले का कनेक्शन भी किया जाना था, लेकिन अब तक यह कार्य पूरा नहीं हुआ है. बारिश होने पर कीचड़ और जलजमाव के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है.

दशहरा के प्रोसेशन रूट को लेकर बढ़ी चिंता

गुदरी चौक से बूटी मोड़ तक का करीब 600 मीटर मार्ग शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है. यह सड़क दशहरा के दौरान प्रमुख प्रोसेशन रूट के रूप में भी इस्तेमाल होती है. करीब 20 दिन बाद दशहरा का माहौल शुरू होना है, लेकिन सड़क निर्माण की मौजूदा स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गयी है.

दशहरा के दौरान पूजा-पाठ करने वालों के साथ विभिन्न इलाकों से निकलने वाले जुलूस इसी रास्ते से होकर गुजरते हैं. ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले जुलूस भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं. ऐसे में सड़क का निर्माण समय पर पूरा नहीं हुआ तो प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो सकती है.

10 साल से जलजमाव की समस्या से परेशान हैं लोग

गुदरी बाजार चौक से बूटी मोड़ तक जलजमाव की समस्या लंबे समय से नगर निगम और प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब 10 वर्षों से सड़क की ऊंचाई बढ़ाने और जलजमाव की समस्या दूर करने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन होते रहे हैं.

जलजमाव की समस्या को दूर करने के उद्देश्य से नगर निगम ने सड़क और ड्रेनेज निर्माण कराने का निर्णय लिया. संवेदक को वर्क ऑर्डर मिलने के बाद 12 नवंबर 2025 से काम शुरू हुआ. योजना के तहत 600 मीटर सड़क और ड्रेनेज का निर्माण होना है, लेकिन करीब 300 दिनों में भी आधा काम पूरा नहीं हो पाया है.

छह महीने में भी पूरा नहीं हुआ नाला निर्माण

योजना को दो हिस्सों में बांटकर काम कराया जा रहा है. गुदरी से टक्कर मोड़ तक करीब 200 मीटर हिस्से का निर्माण लगभग दो महीने पहले पूरा किया गया है. वहीं दूसरे हिस्से में 400 मीटर से अधिक सड़क का निर्माण होना है. स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले छह महीने से इस हिस्से में मुख्य रूप से नाला निर्माण का काम ही चल रहा है.

लोगों का कहना है कि जिस गति से काम आगे बढ़ रहा है, उससे दशहरा तक सड़क और नाला निर्माण पूरा होने को लेकर संशय है.

क्या बोले स्थानीय लोग

केदार प्रसाद गुप्ता, दौलतगंज ने कहा कि जिस गति से कार्य चल रहा है, उससे लगता है कि दशहरा तक भी सड़क और नाला निर्माण पूरा नहीं हो पायेगा. मानसून में इस सड़क पर जलजमाव की समस्या और बढ़ सकती है.

जयप्रकाश कुमार, दौलतगंज ने कहा कि अगर काम की यही रफ्तार रही तो इलाके के लोग दशहरा का आनंद नहीं ले पायेंगे. सड़क की मौजूदा स्थिति में प्रोसेशन निकलना भी मुश्किल होगा.

हरे राम साह, दौलतगंज ने कहा कि 20 दिन बाद दशहरा का माहौल शुरू हो जायेगा, लेकिन प्रोसेशन रूट में अभी कछुए की गति से निर्माण कार्य चल रहा है. यही स्थिति रही तो प्रशासन की परेशानी बढ़ सकती है.

शंकर प्रसाद, दौलतगंज ने कहा कि छह महीने पहले जिस तेजी से काम शुरू हुआ था, उससे लगा था कि दो महीने में नाला और सड़क दोनों बन जायेंगे. लेकिन अब तक सड़क और नाला पूरा नहीं हुआ और लोगों की आवाजाही का सिस्टम प्रभावित हो गया है.

पूरी योजना एक नजर में

  • गुदरी बाजार से बूटी मोड़ तक 600 मीटर सड़क और ड्रेनेज का निर्माण होना है
  • योजना को 180 दिनों में पूरा किया जाना था
  • करीब 300 मीटर हिस्से में ही निर्माण कार्य हो पाया है
  • शेष 400 मीटर से अधिक हिस्से में काम अधूरा है
  • करीब एक महीने से निर्माण कार्य बाधित बताया जा रहा है
  • योजना की लागत करीब 88 लाख रुपये है

क्या बोले अधिकारी

नगर निगम के कार्यपालक अभियंता रविकांत कुमार ने कहा कि ठेकेदार को कई बार नोटिस दिया गया है. अब यदि लापरवाही बरती जा रही है तो विभागीय कार्रवाई करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि हर हाल में दशहरा से पहले सड़क निर्माण कार्य पूरा करा लिया जायेगा.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन