सारण के बनियापुर में सावन की अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी भीड़, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा क्षेत्र
कन्हौली संग्राम शिवालय में जुटे भक्तगण
सावन महीने की चौथी और अंतिम सोमवारी पर बनियापुर प्रखंड क्षेत्र में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना. भक्तों ने जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की, जबकि मंदिरों के बाहर मेले जैसा माहौल रहा.
Sawan Somwari: सावन महीने की चौथी और अंतिम सोमवारी को लेकर बनियापुर प्रखंड क्षेत्र में सुबह से ही श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखा. भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए प्रखंड के विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटने लगी. मंदिर परिसर बोलबम, जय शिव और ऊं नम: शिवाय के जयघोष से गूंजते रहे.
आपके शहर में
चतुर्भुज छपरा से लेकर सहाजितपुर तक उमड़ी भीड़
चतुर्भुज छपरा स्थित गुप्तनाथ मंदिर, बेरुई के गौरीशंकर मंदिर, बनियापुर, कन्हौली संग्राम, सहाजितपुर, पुछरी समेत क्षेत्र के लगभग सभी प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया. भक्तों ने बेलपत्र, फूल, दूध और जल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की.
गर्मी पर भारी पड़ी श्रद्धालुओं की आस्था
चिलचिलाती धूप और तपिश भरी गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी. सुबह से ही महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालु मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते रहे. मंदिरों के आसपास पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा.
कई मंदिरों में हुआ रुद्राभिषेक
अंतिम सोमवारी के अवसर पर कई शिवालयों और पूजा स्थलों पर विशेष रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव की पूजा-अर्चना की गयी.
शास्त्री बृजभूषण पांडेय ने बताया कि सावन महीने में भगवान महादेव का अभिषेक करने का विशेष धार्मिक महत्व है. श्रद्धालु इस दौरान भगवान शिव की पूजा कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हैं.
मंदिरों के बाहर लगा मेला
अंतिम सोमवारी को लेकर कई जगहों पर मंदिर परिसर के बाहर छोटे मेले का भी आयोजन किया गया. पूजन सामग्री, प्रसाद और अन्य सामान की दुकानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही. इससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा.
इसे भी पढ़ें: उपेंद्र कुशवाहा का आया बयान, तेजस्वी भी समर्थन में; पटना के आंदोलनकारी छात्र सड़क पर उतरने को तैयार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए