सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के जदयू प्रत्याशी आनंद पुष्कर ने नीतीश कुमार से की मुलाकात
पूर्व मुख्यमंत्री से मुलाकात करते आनंद पुष्कर
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी ई. आनंद पुष्कर ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर उनका आशीर्वाद लिया. मुलाकात में बिहार की शिक्षा व्यवस्था, शिक्षकों की समस्याओं और शिक्षा के क्षेत्र में सुधारों पर गहन चर्चा हुई.
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू द्वारा घोषित प्रत्याशी ई. आनंद पुष्कर ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने नीतीश कुमार का आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया. मुलाकात के दौरान बिहार में शिक्षा व्यवस्था, शिक्षकों की समस्याओं और शिक्षा के क्षेत्र में जरूरी सुधारों को लेकर चर्चा हुई.
आपके शहर में
शिक्षा के क्षेत्र में नीतीश कुमार के कार्यों की सराहना
मुलाकात के बाद ई. आनंद पुष्कर ने कहा कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री के रूप में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्य बिहार के लिए मील का पत्थर साबित हुए हैं. उनके नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में हुए सुधारों से राज्य की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा और गति मिली.
उन्होंने कहा कि अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन में वे नीतीश कुमार के मार्गदर्शन और बताए रास्ते पर चलते हुए शिक्षक, शिक्षा और शिक्षार्थी के हित में काम करते रहे हैं. आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे.
शिक्षकों की समस्याओं और शिक्षा व्यवस्था पर हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान आनंद पुष्कर ने बिहार में सभी कोटि के शिक्षकों की समस्याओं, शिक्षा व्यवस्था की वर्तमान स्थिति और शिक्षा के क्षेत्र में आवश्यक सुधारों को लेकर नीतीश कुमार से चर्चा की. उन्होंने शिक्षा के बेहतर भविष्य और शिक्षक हितों को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन एवं सुझाव भी प्राप्त किए.
सम्मानजनक वेतनमान दिलाना बताया महत्वपूर्ण मिशन
आनंद पुष्कर ने कहा कि वित्तरहित और अनुदानित शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों एवं कर्मियों को अनुदान के स्थान पर सम्मानजनक वेतनमान दिलाना उनका महत्वपूर्ण मिशन है. उन्होंने कहा कि इस दिशा में वे लगातार संघर्ष कर रहे हैं और इस मिशन को कामयाबी तक पहुंचाने के लिए नीतीश कुमार से समर्थन, आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया है.
शिक्षक हितों की लड़ाई जारी रखने का दावा
पुष्कर ने कहा कि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के शिक्षकों का विश्वास, अपने राजनीतिक अभिभावक का मार्गदर्शन और एनडीए का समर्थन उनके लिए नई ऊर्जा का स्रोत है. उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के सम्मान, अधिकार और बेहतर भविष्य के लिए उनकी लड़ाई आगे भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए