बिहार में दोपहिया और तिपहिया वाहन खरीदना होगा महंगा, सम्राट सरकार ने बढ़ाया मोटर वाहन टैक्स

Updated:
विज्ञापन
सीएम सम्राट की फाइल फोटो

सीएम सम्राट की फाइल फोटो

Bihar Cabinet Decision: बिहार में बाइक, स्कूटर और तिपहिया वाहन खरीदना अब महंगा होगा. सम्राट कैबिनेट ने मोटर वाहन टैक्स बढ़ाने को मंजूरी दे दी है. नई व्यवस्था के तहत दोपहिया वाहनों पर 1% और तिपहिया वाहनों पर 1,000 रुपये अतिरिक्त टैक्स देना होगा.

विज्ञापन

Bihar Cabinet Decision: बिहार में नया दोपहिया या तिपहिया वाहन खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए अहम खबर है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में मोटर वाहन टैक्स बढ़ाने का फैसला लिया गया है. नई व्यवस्था लागू होने के बाद बाइक, स्कूटर और तिपहिया वाहन खरीदने पर पहले से अधिक टैक्स देना होगा. सरकार का कहना है कि लंबे समय से टैक्स दरों में कोई बदलाव नहीं हुआ था. अब नई दरें लागू की जा रही हैं.

दोपहिया वाहनों पर 1% बढ़ा टैक्स

कैबिनेट के फैसले के अनुसार अब दोपहिया वाहन खरीदने पर 1 प्रतिशत अतिरिक्त मोटर वाहन टैक्स देना होगा. यानी नई बाइक या स्कूटर खरीदने वाले लोगों की कुल लागत पहले से थोड़ी बढ़ जाएगी. सरकार का मानना है कि टैक्स में यह बदलाव राज्य के राजस्व को मजबूत करेगा और विकास कार्यों में मदद मिलेगी.

तिपहिया वाहन खरीदने पर देना होगा अतिरिक्त शुल्क

तिपहिया वाहन खरीदने वालों पर भी नई व्यवस्था लागू होगी. अब ऐसे वाहनों पर 1,000 रुपये अतिरिक्त टैक्स देना होगा. यह राशि पहले से निर्धारित टैक्स के अलावा होगी. इस फैसले का असर ऑटो रिक्शा और अन्य तीनपहिया वाहन खरीदने वाले लोगों पर पड़ेगा.

डीलरों और कंपनियों पर भी बढ़ा ट्रेड टैक्स

कैबिनेट ने वाहन डीलरों और निर्माताओं पर लगने वाले ट्रेड टैक्स में भी बड़ा बदलाव किया है. सरकार ने इस टैक्स में चार गुना तक वृद्धि करने का फैसला लिया है. सरकार का कहना है कि टैक्स की पुरानी दरें काफी समय से लागू थीं. मौजूदा जरूरतों को देखते हुए इनमें संशोधन जरूरी था.

पंचायतों को मिला टैक्स वसूली का अधिकार

कैबिनेट बैठक में पंचायतों को भी आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का फैसला लिया गया. अब ग्राम पंचायतें भवन कर, व्यावसायिक भूमि कर, सिनेमा, होर्डिंग, व्यापार कर, पेयजल, हाट-बाजार और कूड़ा उठाने जैसी सेवाओं पर टैक्स वसूल सकेंगी.

सरकार का कहना है कि इससे पंचायतों की अपनी आय बढ़ेगी और विकास कार्यों के लिए उन्हें राज्य सरकार पर कम निर्भर रहना पड़ेगा.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

25 प्रस्तावों पर लगी कैबिनेट की मुहर

बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में कुल 25 एजेंडों को मंजूरी दी गई. बैठक में यह भी तय किया गया कि पंचायत चुनाव 2026 नए परिसीमन के आधार पर होंगे. इसके लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाया जाएगा.

साथ ही भागलपुर में बनने वाले ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का नाम 'अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा' रखने को मंजूरी दी गई. राजगीर, रोहतास और कैमूर में नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली.

नए मोटर वाहन टैक्स लागू होने के बाद बिहार में नया दोपहिया या तिपहिया वाहन खरीदने वालों को पहले की तुलना में अधिक खर्च करना होगा.

Also Read: बिहार में नए परिसीमन के आधार पर होंगे पंचायत चुनाव, 2011 की जनगणना बनेगी आधार, सम्राट कैबिनेट ने लगाई मुहर



विज्ञापन
अभिनंदन पांडेय

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन