वीवी जी राम जी योजना की समीक्षा: खर्च में उजियारपुर और मानव दिवस सृजन में बिथान अव्वल, 46 हजार योजनाएं अब भी अधूरी
बीबी जी रामजी योजना की प्रतीकात्मक तस्वीर
समस्तीपुर जिले में वीवी जी राम जी योजना के तहत मानव दिवस सृजन में बिथान प्रखंड अव्वल रहा। जानें जिले के अन्य प्रखंडों का प्रदर्शन और रोजगार की स्थिति।
योजना निष्पादन समीक्षा: समस्तीपुर जिले के 20 प्रखंडों में वीवी जी राम जी के तहत योजनाओं के क्रियान्वयन और वित्तीय प्रबंधन में भारी असमानता सामने आई है. समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार जहां कई प्रखंडों ने अपने तय लक्ष्यों को पार करते हुए शानदार प्रदर्शन किया है, वहीं कई प्रखंड बजटीय व्यय और रोजगार सृजन में बेहद फिसड्डी साबित हुए हैं. जिले भर में अब तक कुल 10,758.28 लाख रुपये का व्यय दर्ज किया गया है, जिसमें सबसे बड़ा हिस्सा मजदूरी भुगतान का रहा है.
वित्तीय खर्च: उजियारपुर रहा शीर्ष पर, विभूतिपुर सबसे नीचे
वित्तीय आवंटन के उपयोग में उजियारपुर प्रखंड जिले में पहले पायदान पर रहा. विभिन्न प्रखंडों की वित्तीय स्थिति इस प्रकार रही:
- उजियारपुर: 2,251.95 लाख रुपये के कुल खर्च के साथ पहले स्थान पर. इसमें सामग्री मद में 594.93 लाख रुपये और मजदूरी पर 314.47 लाख रुपये खर्च किए गए.
- दलसिंहसराय: 1,059.33 लाख रुपये व्यय कर दूसरे स्थान पर रहा.
- कल्याणपुर: 1,008.54 लाख रुपये के साथ तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया.
- पिछड़े प्रखंड: विद्यापतिनगर में 312.05 लाख, सिंघिया में 296.93 लाख और विभूतिपुर में सबसे कम 296.51 लाख रुपये खर्च हुए.
मानव दिवस सृजन: बिथान का जलवा, मोरवा रहा सबसे फिसड्डी
जिले को कुल 27,82,769 मानव दिवस सृजित करने का लक्ष्य मिला था, जिसके सापेक्ष अगस्त 2026 तक 19,98,863 (71.83%) मानव दिवस सृजित हुए.
- शानदार प्रदर्शन: बिथान ने 127.20% (1,84,151), रोसड़ा ने 115.97%, मोहनपुर ने 112.82%, पटोरी ने 112.56% और उजियारपुर ने 105.18% उपलब्धि दर्ज की.
- खराब प्रदर्शन: मोरवा मात्र 30.23% के साथ सबसे निचले पायदान पर रहा. खानपुर (32.76%), मोहिउद्दीननगर (33.95%) और ताजपुर (36.35%) की स्थिति भी चिंताजनक रही.
योजनाओं की स्थिति: 46,602 परियोजनाएं अब भी लंबित
जिले में स्वीकृत 4,50,919 योजनाओं में से 4,04,317 पूरी हो चुकी हैं और औसत पूर्णता दर 89.67% दर्ज हुई. खानपुर प्रखंड 91.04% योजनाएं पूर्ण कर सबसे आगे रहा, जबकि उजियारपुर ने 89.80% और ताजपुर ने 89.88% काम पूरा किया. वहीं लंबित योजनाओं के मामले में कल्याणपुर 4,326 अधूरी योजनाओं के साथ शीर्ष पर है. उजियारपुर में 3,957 और दलसिंहसराय में 2,872 योजनाएं लंबित हैं. जिले में कुल 46,602 योजनाएं अभी भी अधूरी पड़ी हैं.
ये भी पढ़ें: बिहार: यूथ क्लब का फंड गटक गए प्रिंसिपल साहब, शिक्षा विभाग ने किया सस्पेंड
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए