समस्तीपुर: सिंघिया घाट बाजार में सड़क के बीच जर्जर बिजली पोल, 89 दिन बाद भी नहीं चढ़ा केबल
बाजार में लगा जर्जर खंभा | Prabhat Khabar Network
सिंघिया घाट बाजार में सड़क के बीच जर्जर बिजली पोल की समस्या बनी हुई है. नया पोल गाड़ने के 89 दिन बाद भी केबल न चढ़ने से बिजली आपूर्ति ठप है. ग्रामीण पुराने पोल को हटाने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
विभूतिपुर: प्रखंड के सिंघिया घाट बाजार में सड़क के बीच गड्ढे और जर्जर बिजली पोल की समस्या का समाधान नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है. सामाजिक कार्यकर्ता मनोज कुमार ने 2 जून 2026 को सिंघिया बुजुर्ग उत्तर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में इस समस्या को लेकर आवेदन दिया था. आवेदन के करीब एक महीने बाद विभाग ने नया पोल तो गाड़ दिया, लेकिन 89 दिन बीत जाने के बाद भी उस पर केबल नहीं चढ़ाया गया है.
आपके शहर में
नया पोल गाड़ने के बाद भी नहीं शुरू हुई बिजली सप्लाई
स्थानीय लोगों के अनुसार, नया पोल लगाने के बावजूद पुराने जर्जर पोल को नहीं हटाया गया है. वहीं, नये पोल पर केबल नहीं चढ़ाये जाने से बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्या भी बनी हुई है. सड़क के बीच खड़ा पुराना जर्जर पोल दुर्घटना का कारण बन सकता है.
मनोज कुमार का कहना है कि सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की अधिकतम समय सीमा 30 दिन निर्धारित है. इस अवधि के भीतर समस्या का समाधान कर आवेदक को सूचित किया जाना चाहिए. यदि किसी मामले में कार्य संभव नहीं हो तो उसका स्पष्ट कारण बताना भी आवश्यक है.
89 दिन बाद भी नहीं मिला संतोषजनक जवाब
आवेदक के अनुसार, इस मामले में न तो काम पूरा किया गया और न ही उन्हें संतोषजनक जवाब दिया गया. केवल नया पोल गाड़कर छोड़ दिये जाने से समस्या पूरी तरह दूर नहीं हुई है.
स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों से नये पोल पर अविलंब केबल चढ़ाकर बिजली आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है. साथ ही सड़क के बीच खड़े पुराने जर्जर पोल को हटाने और सहयोग शिविर में निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन का निष्पादन नहीं करने वाले संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है.
यह भी पढ़ें
समस्तीपुर के ट्रक चालक की पटना में पीट-पीटकर हत्या, गोदाम संचालक पर आरोप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए