17 दिन बाद भी आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी नहीं, सरायरंजन में NH-322 जाम कर जताया विरोध
सड़क जाम करते प्रदर्शनकारी | Prabhat Khabar Network
समस्तीपुर में आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और समर्थकों ने NH-322 को जाम कर दिया. 17 दिन बीत जाने के बाद भी कार्रवाई न होने से लोगों में भारी आक्रोश है. पुलिस ने 48 घंटे में गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है.
समस्तीपुर: सरायरंजन प्रखंड में दिवंगत युवती के परिजनों एवं समर्थकों ने आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुधवार को सरायरंजन हाईस्कूल के समीप NH-322 को जाम कर दिया. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और घंटों आवागमन बाधित रहा. बाद में जाम स्थल पर ही नुक्कड़ सभा आयोजित कर लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जतायी.
17 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर आक्रोश
चक्का जाम के समर्थन में पहुंचे युवा समाजसेवी सह पूर्व पंचायत समिति सदस्य संजीव कुमार इंकलाबी ने कहा कि घटना के 17 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है. उन्होंने कहा कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो समर्थकों के साथ न्याय की मांग को लेकर कटोरा लेकर न्याय की भीख यात्रा निकाली जायेगी और सरायरंजन थाने का घेराव किया जायेगा.
राकेश कुमार ईश्वर ने कहा कि अपराधी का कोई जाति-धर्म नहीं होता. प्रभाष कुमार ईश्वर ने भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी.
पहले भी हो चुका है थाना घेराव
इस मामले में एक सितंबर को भी स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सरायरंजन थाना का घेराव किया था. उस दौरान कैंडल मार्च निकालकर आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग की गयी थी. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए गिरफ्तारी नहीं होने पर चक्का जाम और 'न्याय की भीख यात्रा' की चेतावनी दी थी.
क्या है पूरा मामला
सरायरंजन थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर गांव में 16 वर्षीय किशोरी का शव 23 अगस्त की शाम घर के एक कमरे में फंदे से लटका मिला था. परिजनों के अनुसार, कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की थी. शुरुआती जानकारी में परिजनों ने प्रेम प्रसंग की आशंका जतायी थी, हालांकि पुलिस ने घटना के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं की थी.
इसके बाद मृतका की दादी राजो देवी ने थाने में आवेदन देकर गांव के एक सरकारी शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाए. आवेदन के अनुसार, किशोरी उक्त शिक्षक के पास कोचिंग पढ़ती थी. आरोप लगाया गया कि शिक्षक अन्य बच्चों को छुट्टी देने के बाद किशोरी को पढ़ाई के बहाने रोक लेते थे. दादी ने यह भी आरोप लगाया कि घटना से एक रात पहले शिक्षक किशोरी के घर पहुंचे थे और परिजनों के पहुंचने पर वहां से चले गये. पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए आरोपों की जांच शुरू की थी.
शिक्षा विभाग ने शिक्षक को किया निलंबित
मामले में शिक्षा विभाग ने भी कार्रवाई की है. मोरवा प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय बांदे उर्दू में पदस्थापित शिक्षक संजय कुमार झा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. विभागीय कार्रवाई के साथ उनके खिलाफ निजी कोचिंग संचालन और छात्रा के कथित शोषण से जुड़े आरोपों की भी जांच शुरू की गयी है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले की अंतिम पुष्टि पुलिस और प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद ही होगी.
पुलिस ने 48 घंटे में गिरफ्तारी का दिया आश्वासन
बुधवार को सड़क जाम की सूचना मिलने पर सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार, हलई थानाध्यक्ष सहित पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस ने 48 घंटे के भीतर आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया. इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया और वाहनों का परिचालन शुरू हो सका.
मामले में पुलिस की जांच जारी है. आरोपी शिक्षक पर लगाए गये आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
यह भी पढ़ें
समस्तीपुर में किशोरी को न्याय दिलाने के लिए फूटा आक्रोश, कैंडल मार्च निकाल थाने का किया घेराव
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए